
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शारदीय नवरात्रि की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और सभी के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह पर्व मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की उपासना का विशेष महत्व रखता है और नारी शक्ति के सम्मान तथा मातृशक्ति की आराधना का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्र केवल एक धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना से जहां श्रद्धालु आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त करते हैं, वहीं समाज में नारी की भूमिका और महत्व को भी सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि नवरात्र हमें यह संदेश देता है कि समाज में महिलाओं को समान सम्मान और अवसर मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस पावन अवसर पर कन्या पूजन की परंपरा विशेष महत्व रखती है। यह परंपरा बालिकाओं के सम्मान और समाज में उनके महत्व को रेखांकित करती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस नवरात्रि पर संकल्प लें कि बेटियों को सम्मान, सुरक्षा और प्रोत्साहन देकर समाज को और सशक्त बनाया जाएगा।
धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि श्रद्धा और आस्था का यह पर्व समाज में सकारात्मक ऊर्जा, भाईचारे और समृद्धि का संदेश फैलाएगा और प्रदेश को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाने में सहयोगी बनेगा।