
🌟🌟🌟
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ननूरखेड़ा, देहरादून में होमगार्ड्स स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में रैतिक परेड का निरीक्षण किया और होमगार्ड्स जवानों के भत्तों में बढ़ोतरी की घोषणा की। उन्होंने सेवा प्रदत्त एवं दिवंगत होमगार्ड के आश्रितों को चेक वितरित कर सम्मानित किया।
- देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने होमगार्ड्स जवानों के लिए भत्ते और सुविधाओं की घोषणा की
- होमगार्ड्स स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने रैतिक परेड की भव्य समीक्षा की
- मुख्यमंत्री ने होमगार्ड्स जवानों की सेवा और समर्पण को किया सम्मानित
- राज्य सरकार ने पहली बार होमगार्ड्स जवानों को 12 आकस्मिक अवकाश देने का निर्णय लिया
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ननूरखेड़ा, देहरादून में होमगार्ड्स स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया और रैतिक परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की स्मारिका 2025 और विभागीय कैलेंडर 2026 का विमोचन भी किया। उन्होंने सेवा प्रदत्त एवं दिवंगत होमगार्ड के आश्रितों को चेक वितरित कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को वर्दी भत्ता अनुमन्य किया जाएगा।
राज्य में अंतरजनपदीय ड्यूटी में तैनात होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को मिलने वाले भोजन भत्ते को 100 रुपए से बढ़ाकर 150 रुपए प्रतिदिन किया जाएगा, वहीं नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों को मिलने वाले प्रशिक्षण भत्ते को 50 रुपए से बढ़ाकर 140 रुपए प्रतिदिन किया जाएगा। उन्होंने 63वें होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रस्तुत की गई रैतिक परेड अत्यंत गौरवपूर्ण थी। परेड में जवानों के समर्पण, साहस और उत्कृष्टता की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड्स जवान कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, समर्पण और अदम्य इच्छाशक्ति के साथ प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और जनसेवा के दायित्वों का निर्वहन करते हैं।
Government Advertisement
मुख्यमंत्री ने होमगार्ड्स जवानों के कल्याण और संगठन के उत्थान के लिए राज्य सरकार द्वारा लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख किया। पहली बार होमगार्ड्स जवानों को 12 आकस्मिक अवकाश प्रदान करने का निर्णय लिया गया है, महिला होमगार्ड्स को प्रसूति अवकाश की सुविधा दी गई है। 9 हजार फीट से अधिक ऊँचाई पर ड्यूटी करने वाले होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को 200 रुपए प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि, जबकि SDRF के साथ प्रशिक्षित होमगार्ड्स जवानों को 100 रुपए प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि होमगार्ड्स जवान वर्षा, ठंड और गर्मी जैसी कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करते हैं। यातायात प्रबंधन, कानून व्यवस्था बनाए रखना, कुंभ और कांवड़ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजनों का सफल संचालन और चारों धामों तथा हरिद्वार में होमगार्ड्स हेल्प डेस्क के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को हर संभव मदद उपलब्ध कराना, इनकी जिम्मेदारियों का हिस्सा हैं।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय होमगार्ड्स जवान तुरंत घटनास्थल पर पहुँचकर राहत और बचाव कार्य में तत्परता और समर्पण के साथ जुट जाते हैं। राज्य सरकार उनके हौंसले, समर्पण और सेवाभाव को उचित सम्मान देती है और आगे भी उनके हितों के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। इस अवसर पर विधायक श्री उमेश शर्मा काऊ, श्री खजान दास, श्रीमती सविता कपूर, मेयर देहरादून श्री सौरभ थपलियाल, मेयर ऋषिकेश श्री शंभू पासवान, श्री कैलाश पंत, श्रीमती मधु भट्ट, श्री श्यामवीर सैनी, सचिव श्री शैलेश बगोली, डीजीपी श्री दीपम सेठ, डी.जी होमगार्ड श्री पी.वी.के. प्रसाद एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।





