
ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को कृषि विभाग की ओर से पंतनगर विश्वविद्यालय के स्टीवेंसन स्टेडियम में भव्य किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपराह्न 2 बजकर 10 मिनट पर किया। इस अवसर पर उनके साथ कृषि मंत्री गणेश जोशी, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, स्थानीय विधायकगण तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के कृषकों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड की प्रगति में किसानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार किसानों की आय को दोगुना करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, जैविक खेती को प्रोत्साहन देने और युवाओं को एग्री-स्टार्टअप्स की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए कई नई योजनाएं शुरू की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए ड्रोन आधारित कृषि तकनीक, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और पर्वतीय क्षेत्रों में बागवानी को बढ़ावा देने पर विशेष बल दे रही है।
Government Advertisement...
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सरकार किसानों की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता से कर रही है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के कृषकों को नई तकनीक से जोड़ने और उत्पादन लागत को घटाने के लिए प्रशिक्षण शिविरों और अनुसंधान कार्यों को और सशक्त किया जा रहा है।
सम्मेलन में विभिन्न जिलों से आए किसानों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए और विशेषज्ञों से आधुनिक कृषि तकनीक के बारे में जानकारी प्राप्त की। पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति ने कहा कि राज्य के किसान विश्वविद्यालय के सहयोग से कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर प्रगति कर रहे हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य की रजत जयंती केवल उत्सव का नहीं, बल्कि आत्ममंथन और नई दिशा तय करने का अवसर है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे उत्तराखंड को ‘मॉडल ऑर्गेनिक स्टेट’ बनाने के लक्ष्य में भागीदार बनें।





