
देहरादून में मुख्यमंत्री ने रेस्टोरेंट पहुंचकर गैस आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया, जहां हल्की कमी के बावजूद सप्लाई जारी होने की बात सामने आई। उन्होंने कहा कि सरकार आपूर्ति बनाए रखने के लिए प्रयासरत है और जरूरत पड़ने पर देशवासियों को एकजुट होकर चुनौती का सामना करना होगा। साथ ही वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग और गैस खपत कम करने पर जोर दिया गया।
- देहरादून में सीएम धामी ने गैस आपूर्ति की स्थिति परखी
- गैस खपत घटाने के लिए तंदूर का बढ़ा इस्तेमाल
- सीएम बोले- जरूरत पड़ी तो कोरोना जैसी एकजुटता जरूरी
- वैकल्पिक ऊर्जा अपनाने के निर्देश, सरकार हर मदद को तैयार
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गढ़ी कैंट क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट का औचक दौरा कर गैस आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक से सीधे बातचीत कर एलपीजी की उपलब्धता, सप्लाई की नियमितता और खपत से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। रेस्टोरेंट संचालक ने मुख्यमंत्री को बताया कि हाल के दिनों में गैस आपूर्ति में थोड़ी कमी जरूर आई है, लेकिन फिलहाल सिलिंडर की उपलब्धता बनी हुई है और कामकाज प्रभावित नहीं हो रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि गैस की खपत को नियंत्रित करने के लिए तंदूर का अधिक उपयोग किया जा रहा है, जिससे रसोई संचालन में संतुलन बनाए रखा जा सके। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्तमान समय में गैस का कोई गंभीर संकट नहीं है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, गैस आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि यदि परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होती हैं, तो देशवासियों को उसी तरह एकजुट होकर सहयोग करना होगा, जैसा कि कोरोना काल के दौरान देखने को मिला था।
मुख्यमंत्री ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिए कि वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों की व्यवस्था को मजबूत किया जाए। उन्होंने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ-साथ आम नागरिकों से भी इंडक्शन चूल्हों और अन्य विकल्पों को अपनाने की अपील की, ताकि गैस पर निर्भरता कम की जा सके। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी है और किसी भी संभावित समस्या से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
लेकिन यह वीडियो क्या कहता है-





