
बृहन्मुंबई महानगर पालिका चुनाव में बॉलीवुड और खेल जगत की कई नामचीन हस्तियों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया। अक्षय कुमार ने वोट डालने के बाद मुंबईवासियों से सही उम्मीदवार चुनने की अपील की।
- बीएमसी चुनाव में वोट डालने पहुंचे अक्षय कुमार, किया जागरूकता का संदेश
- मतदान को लेकर सान्या मल्होत्रा और विशाल ददलानी ने दिखाई जिम्मेदारी
- आमिर खान और सचिन तेंदुलकर ने भी निभाया लोकतांत्रिक कर्तव्य
- मुंबई की सत्ता के लिए महायुति और ठाकरे गठबंधन में कड़ा मुकाबला
मुम्बई। महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों के तहत बृहस्पतिवार को बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के लिए मतदान हुआ। इस लोकतांत्रिक उत्सव में बॉलीवुड और खेल जगत की कई मशहूर हस्तियों ने हिस्सा लेकर आम लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। अभिनेता अक्षय कुमार, सान्या मल्होत्रा, आमिर खान, संगीतकार विशाल ददलानी और क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर समेत कई दिग्गजों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अक्षय कुमार सबसे पहले मतदान करने वालों में शामिल रहे। वोट डालने के बाद उन्होंने मुंबईवासियों से अपील करते हुए कहा कि आज का दिन बेहद अहम है, क्योंकि यही वह मौका है जब जनता के हाथ में “रिमोट कंट्रोल” होता है। उन्होंने कहा कि बाद में बिजली, पानी और सड़कों की समस्याओं की शिकायत करने के बजाय लोगों को पहले बाहर निकलकर मतदान करना चाहिए और सही प्रतिनिधि का चुनाव करना चाहिए। अक्षय कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा, “अगर आप मुंबई के असली हीरो बनना चाहते हैं, तो सिर्फ बातें करने से कुछ नहीं होगा, आपको वोट डालने आना होगा।”
उनकी पत्नी, अभिनेत्री और लेखिका ट्विंकल खन्ना ने भी मतदान कर लोकतंत्र में अपनी आस्था जताई। ट्विंकल ने कहा कि मतदान से यह एहसास होता है कि जनता के पास भी नियंत्रण है और वह हमेशा वोट डालने को लेकर आशावान रहती हैं। अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा और मशहूर संगीतकार विशाल ददलानी ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके अलावा अभिनेता आमिर खान भी अपने पोलिंग बूथ पर वोट डालने पहुंचे, जहां उन्हें देखने के लिए लोगों में उत्साह दिखाई दिया।
क्रिकेट जगत के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने भी बीएमसी चुनाव में मतदान कर नागरिक कर्तव्य निभाया। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कुल 29 नगर निगमों के लिए मतदान हो रहा है, लेकिन आर्थिक रूप से समृद्ध और राजनीतिक रूप से अहम बीएमसी पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत महायुति और ठाकरे बंधुओं के गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। बीएमसी चुनाव में सितारों की सक्रिय भागीदारी ने न केवल मतदान प्रक्रिया को सुर्खियों में ला दिया, बल्कि आम नागरिकों को भी अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया है।








