
🌟🌟🌟
हरिद्वार से देहरादून जा रहा सेना का वाहन रायवाला के पास सड़क किनारे खड़े सीमेंट मिक्सर ट्रक से टकरा गया। हादसे में चार सैन्य कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।
- रायवाला में सड़क किनारे खड़े सीमेंट मिक्सर से टकराई सेना की स्कॉर्पियो, एम्स ऋषिकेश रेफर
- सत्यनारायण मंदिर के पास देर रात हुआ भीषण सड़क हादसा
- 108 एंबुलेंस से घायलों को एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया
- रायवाला कैंट से मिलिट्री पुलिस भी मौके पर पहुंची
- वाहन में सवार सैन्य कर्मियों की पहचान की जा रही
देहरादून। हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार देर रात एक गंभीर सड़क हादसा हो गया, जिसमें सेना का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हरिद्वार से देहरादून की ओर जा रही सेना की स्कॉर्पियो गाड़ी रायवाला क्षेत्र में सत्यनारायण मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े सीमेंट मिक्सर (कैप्सूल ट्रक) से पीछे से जा टकराई। यह दुर्घटना शनिवार रात्रि करीब सवा 10 बजे के आसपास हुई।
Government Advertisement...
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली रायवाला से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दुर्घटना में स्कॉर्पियो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसमें सवार चार सैन्य कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला और आपातकालीन चिकित्सा सेवा 108 के माध्यम से उन्हें एम्स ऋषिकेश भिजवाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही रायवाला कैंट को भी सूचित किया गया, जिसके बाद मिलिट्री पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सेना और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन एक लग्जरी श्रेणी की स्कॉर्पियो है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उसमें सेना के अधिकारी स्तर के कर्मी सवार हो सकते हैं। हालांकि, हादसे के समय घायल सैनिक अपने बारे में जानकारी देने की स्थिति में नहीं थे, जिस कारण उनकी पहचान और तैनाती से संबंधित विवरण तत्काल उपलब्ध नहीं हो सका है।
कोतवाली रायवाला के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह खोलिया ने बताया कि प्राथमिकता घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना था। फिलहाल उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहन को हादसे का कारण माना जा रहा है।
पुलिस और सेना की ओर से संयुक्त जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।





