
अंकिता हत्याकांड से जुड़े ऑडियो-वीडियो प्रकरण में फरार चल रहे पूर्व विधायक सुरेश राठौर के देहरादून स्थित आवास पर पुलिस ने नोटिस चस्पा किया है। इसी मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर पर भी विभिन्न थाना क्षेत्रों से नोटिस जारी किए गए हैं और दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी है।
- नोटिस के बावजूद पेश नहीं हुए सुरेश राठौर, सख्त कार्रवाई के संकेत
- उर्मिला सनावर के घर तीन थाना क्षेत्रों से चस्पा हुए नोटिस
- पुलिस के समक्ष हाजिर न होने पर बढ़ सकती हैं कानूनी मुश्किलें
- फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश
देहरादून/हरिद्वार। अंकिता हत्याकांड से जुड़े ऑडियो-वीडियो और कथित ब्लैकमेलिंग प्रकरण में फरार चल रहे पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बहादराबाद पुलिस द्वारा पहले नोटिस चस्पा किए जाने के बाद अब देहरादून पुलिस ने भी सुरेश राठौर के आवास पर नोटिस चस्पा कर उन्हें थाने में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुरेश राठौर को कई बार थाने में पेश होकर बयान दर्ज कराने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने पुलिस के समक्ष कोई जवाब नहीं दिया। बार-बार की अनदेखी के बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत उनके घर पर नोटिस चस्पा किया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यदि वह नोटिस के बावजूद भी उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
Government Advertisement...
इधर, इसी मामले में नामजद अभिनेत्री उर्मिला सनावर भी पुलिस कार्रवाई से बचती नजर आ रही हैं। बुधवार को बहादराबाद पुलिस ने उनके आवास पर नोटिस चस्पा किया था। इसके बाद अगले ही दिन झबरेड़ा और ज्वालापुर थाना पुलिस ने भी उनके घर पर नोटिस चिपकाए। तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों से नोटिस जारी होने के बावजूद उर्मिला सनावर अब तक पुलिस के सामने पेश नहीं हुई हैं।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी फिलहाल भूमिगत बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद भी आरोपी पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट सहित अन्य कानूनी विकल्पों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की निगाहें टिकी हुई हैं और आने वाले दिनों में इस प्रकरण में कार्रवाई और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।





