- उत्तराखंड के गांवों में गोवर्धन पूजा की अनूठी परंपरा, गायों की पूजा कर मांगते हैं सुख-समृद्धि
- गोबर से गोवर्धन पर्वत निर्माण और पशुधन पूजन, प्रकृति संरक्षण का संदेश देती है लोकसंस्कृति
- पलायन भी नहीं तोड़ पाया परंपराओं से जुड़ाव, त्योहारों पर गांव लौटते हैं प्रवासी
- गोवर्धन पूजा में झलकता है कृषि, पशुधन और मानव जीवन का अटूट रिश्ता
भुवन बिष्ट
रानीखेत, उत्तराखंड
रानीखेत (उत्तराखंड)। भारत की सांस्कृतिक पहचान उसकी विविध परंपराओं, त्योहारों और सामाजिक एकता में निहित है। यहां प्रत्येक पर्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रहता, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण, पशु-पक्षियों और मानवीय संबंधों के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी देता है। दीपावली के अवसर पर मनाया जाने वाला गोवर्धन पूजा पर्व भी ऐसी ही परंपराओं में शामिल है, जो पशुधन के महत्व, प्रकृति प्रेम और ग्रामीण जीवन की समृद्ध विरासत को दर्शाता है। देवभूमि उत्तराखंड में गोवर्धन पूजा का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। पर्वतीय क्षेत्रों के गांवों में इस अवसर पर गौ माता और अन्य पशुधन की पूजा-अर्चना की जाती है।
ग्रामीण परिवार गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर कुलदेवता की आराधना करते हैं। इसके साथ ही विभिन्न पकवान तैयार किए जाते हैं और परिवार के सदस्य मिलकर पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हैं। पौराणिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अहंकार को समाप्त करने और ग्रामीणों को उनकी प्रचंड वर्षा से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठ अंगुली पर उठा लिया था। इस प्रसंग से प्रकृति, सामूहिक सहयोग और अहंकार त्यागने की प्रेरणा मिलती है। गोवर्धन पूजा को सामाजिक समानता और सामूहिक आस्था का प्रतीक भी माना जाता है।
गौ माता और पशुधन की होती है पूजा-अर्चना
उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में गोवर्धन पूजा के दिन सुबह से ही धार्मिक तैयारियां शुरू हो जाती हैं। गौ माता के पांव धोकर उन्हें तिलक लगाया जाता है और फूलों की माला पहनाई जाती है। इसके बाद गौशाला में गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाया जाता है और विधि-विधान से पूजा की जाती है। पर्वतीय गांवों की एक विशेष परंपरा के अंतर्गत बिस्वार घोलकर गाय की पीठ पर हाथ के पंजों और माणे (अनाज के लेन-देन में इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक घरेलू माप इकाई) से छाप लगाई जाती है। यह परंपरा ग्रामीण जीवन में पशुधन के प्रति सम्मान और आत्मीयता को दर्शाती है।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर परिवार के लोग विभिन्न पारंपरिक पकवान बनाते हैं और कुलदेवता की पूजा-अर्चना करते हैं। इस दिन गौ संरक्षण और पशुधन की देखभाल का संकल्प भी लिया जाता है। ग्रामीण समाज में गाय और अन्य पशुओं को केवल आर्थिक संपदा नहीं, बल्कि परिवार और कृषि व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।
कृषि, पशुधन और मानव जीवन का अटूट संबंध
ग्रामीण अर्थव्यवस्था में पशुधन का हमेशा से महत्वपूर्ण स्थान रहा है। खेती-किसानी, दूध उत्पादन और जैविक खाद की उपलब्धता से लेकर पारंपरिक जीवनशैली तक पशुधन का योगदान रहा है। यही वजह है कि भारतीय संस्कृति में गौ माता और अन्य पशुओं के प्रति सम्मान की भावना को विशेष स्थान दिया गया है। गोवर्धन पूजा हमें यह भी याद दिलाती है कि मनुष्य की समृद्धि प्रकृति और पशुधन के संरक्षण से जुड़ी हुई है। जंगल, नदियां, जलस्रोत, खेत और पशु-पक्षी एक-दूसरे के पूरक हैं। इनके संरक्षण के बिना ग्रामीण जीवन और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना कठिन है।
पलायन के बावजूद जीवंत हैं उत्तराखंड की परंपराएं
आधुनिकता, रोजगार और बेहतर सुविधाओं की तलाश में उत्तराखंड के अनेक गांवों से लगातार पलायन हुआ है। कई गांव ऐसे हैं, जहां आबादी काफी कम हो गई है और कुछ गांव लगभग खाली हो चुके हैं। इसके बावजूद त्योहारों और पारंपरिक आयोजनों के अवसर पर प्रवासी उत्तराखंडी अपने पैतृक गांवों का रुख करते हैं। दीपावली और गोवर्धन पूजा जैसे पर्व लोगों को अपनी जन्मभूमि, मातृभूमि और पारिवारिक जड़ों से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। गांवों में परिवार और ग्रामीण एकत्र होकर पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन करते हैं। इस सामूहिक सहभागिता से न केवल पुरानी परंपराएं जीवित रहती हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने और अपनाने का अवसर मिलता है।
प्रकृति संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश
उत्तराखंड की लोक परंपराएं हमें प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहने की प्रेरणा देती हैं। त्योहारों के माध्यम से समाज को पशु-पक्षियों, वनों, नदियों, नौलों और पारंपरिक जलस्रोतों के संरक्षण का संदेश मिलता है। ये परंपराएं केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामूहिक जीवन और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। गोवर्धन पूजा का वास्तविक महत्व तभी सार्थक होगा, जब हम पूजा-अर्चना के साथ पशुधन की सुरक्षा, गौ संरक्षण और पर्यावरण की रक्षा के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उत्तराखंड के गांवों में आज भी जीवित ये परंपराएं भारतीय संस्कृति की समृद्धि और प्रकृति के साथ मनुष्य के गहरे संबंधों की परिचायक हैं।
अजमेर का मान : पिता-पुत्र को मिलेगा कम्मू राष्ट्र गौरव सम्मान-2027
गोवर्धन पूजा, उत्तराखंड गोवर्धन पूजा, पशुधन संरक्षण, गौ माता पूजा, भुवन बिष्ट रानीखेत, उत्तराखंड लोक परंपरा, दीपावली पर्व, गोवर्धन पर्वत, ग्रामीण संस्कृति, प्रकृति प्रेम



1 thought on “गोवर्धन पूजा : पशुधन संरक्षण और प्रकृति प्रेम का प्रतीक”