- राजा प्रियव्रत से लेकर सूर्यपुत्र कर्ण तक, जानिए छठ महापर्व की पौराणिक परंपरा
- वैदिक काल से विदेशों तक पहुंचा छठ, सूर्योपासना की हजारों वर्षों की सांस्कृतिक यात्रा
- बिहार-झारखंड के प्राचीन सूर्य मंदिरों से जुड़ी है छठ की ऐतिहासिक विरासत
- नहाय-खाय से उषा अर्घ्य तक, जानिए छठ महापर्व का धार्मिक, सामाजिक और वैज्ञानिक महत्व
सत्येंद्र कुमार पाठक
भारतीय सनातन संस्कृति में प्रकृति के पंचमहाभूतों—पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश—को ईश्वरीय शक्ति का स्वरूप माना गया है। इन सभी तत्वों के केंद्र में ऊर्जा के अनंत स्रोत प्रत्यक्ष देव भगवान सूर्य विराजमान हैं। ऋग्वेद में सूर्य को संपूर्ण जगत की आत्मा कहा गया है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाने वाला छठ महापर्व इसी वैदिक और लोक परंपरा का एक महत्वपूर्ण प्रतीक है।
छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, आस्था, आत्मसंयम और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम है। इसकी परंपरा को मन्वंतर काल की पौराणिक कथाओं, वैदिक ऋषियों की सूर्योपासना, त्रेता और द्वापर युग के आख्यानों, मगध और अंग की सांस्कृतिक विरासत तथा मध्यकालीन लोकजीवन से जोड़कर देखा जाता है। आधुनिक समय में यह पर्व बिहार और झारखंड की सीमाओं से निकलकर देश-विदेश में भारतीय संस्कृति की पहचान बन चुका है।
मन्वंतर काल और राजा प्रियव्रत की कथा
छठ महापर्व और माता षष्ठी की उपासना का एक प्रमुख पौराणिक आख्यान ब्रह्मवैवर्त पुराण के प्रकृति खंड में मिलता है। कथा के अनुसार, स्वायंभुव मन्वंतर में प्रथम मनु स्वायंभुव के पुत्र राजा प्रियव्रत अत्यंत धर्मात्मा और प्रजापालक शासक थे। उनके पास समस्त ऐश्वर्य और साम्राज्य था, लेकिन संतान न होने के कारण वे और उनकी पत्नी रानी मालिनी दुखी रहते थे। संतान प्राप्ति की कामना लेकर राजा प्रियव्रत महर्षि कश्यप की शरण में पहुंचे। महर्षि ने उन्हें पुत्रेष्टि यज्ञ करने का परामर्श दिया। यज्ञ संपन्न होने के बाद प्राप्त चरु रानी मालिनी को दिया गया। इसके प्रभाव से रानी गर्भवती हुईं और उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश बालक मृत पैदा हुआ।
पुत्र के निधन से राजमहल में शोक छा गया। राजा प्रियव्रत अपने मृत पुत्र को लेकर श्मशान पहुंचे और अत्यंत दुखी होकर अपने प्राण त्यागने का संकल्प करने लगे। तभी आकाश मार्ग से दिव्य प्रकाश के साथ ब्रह्मा जी की मानसपुत्री देवी षष्ठी प्रकट हुईं। राजा ने देवी से उनका परिचय पूछा। देवी ने स्वयं को ब्रह्मा की मानसपुत्री और मूल प्रकृति के छठे अंश से उत्पन्न होने के कारण षष्ठी बताया। उन्होंने स्वयं को बालकों की रक्षिका और संतान का वरदान देने वाली देवी कहा। इसके बाद माता षष्ठी ने मृत बालक को अपनी गोद में उठाकर स्पर्श किया, जिससे वह जीवित हो उठा।
इस घटना से अभिभूत राजा प्रियव्रत ने देवी की स्तुति की। माता षष्ठी ने उन्हें अपने राज्य में शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को पूजा और उत्सव प्रारंभ करने का निर्देश दिया। राजा ने पूरे राज्य में षष्ठी पूजा का विधान प्रारंभ कराया। कालांतर में कार्तिक शुक्ल षष्ठी का यह अनुष्ठान संतान की रक्षा, आरोग्यता और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना से जुड़ गया। लोकभाषा में माता षष्ठी को श्रद्धापूर्वक छठी मइया कहा जाने लगा।
ऋग्वैदिक काल में सूर्योपासना और अर्घ्य की परंपरा
वैदिक काल में भारतीय अध्यात्म प्रकृति-केंद्रित था। ऋषि-मुनि सूर्य, अग्नि, वायु, उषा और जल जैसी प्रत्यक्ष प्राकृतिक शक्तियों की उपासना करते थे। ऋग्वेद के अनेक सूक्तों में भगवान सूर्य और उषा की स्तुति की गई है। प्राचीन सूर्योपासना में जल के माध्यम से अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा विशेष महत्व रखती थी। सूर्य की ओर मुख करके पवित्र जल में खड़े होकर अर्घ्य देना, उपवास, शुद्धता और आत्मसंयम जैसे तत्व आज भी छठ महापर्व में दिखाई देते हैं। छठ की सबसे विशिष्ट विशेषता यह है कि इसमें व्रती स्वयं सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इस अनुष्ठान में व्यक्तिगत श्रद्धा, पवित्रता और अनुशासन को विशेष महत्व दिया जाता है। भक्त और भगवान के बीच सीधा आध्यात्मिक संबंध इस पर्व की विशिष्ट पहचान है।
सतयुग की परंपरा: सुकन्या और महर्षि च्यवन
पौराणिक आख्यानों के अनुसार, सतयुग में राजा शर्याति की पुत्री सुकन्या ने अपने वृद्ध और नेत्रहीन पति महर्षि च्यवन की नेत्रज्योति और यौवन की पुनःप्राप्ति के लिए कार्तिक शुक्ल षष्ठी का कठिन व्रत रखकर सूर्यदेव की आराधना की थी। मान्यता है कि सूर्यदेव की कृपा से महर्षि च्यवन को दिव्य दृष्टि और नवयौवन प्राप्त हुआ। इसी प्रकार प्राचीन किकट प्रदेश अर्थात आधुनिक मगध क्षेत्र के राजा बुध की पत्नी इला द्वारा भी सूर्योपासना और छठ व्रत किए जाने के उल्लेख मिलते हैं। प्राचीन भारत के कारुष, निमि, विशाली और वसु राजवंशों में भी सूर्योपासना को महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त था।
त्रेतायुग: भगवान राम, माता सीता और मुंगेर का सीता चरण
छठ महापर्व की लोकमान्यताओं में भगवान श्रीराम और माता सीता से जुड़ा प्रसंग विशेष महत्व रखता है। मान्यता के अनुसार, रावण वध के बाद भगवान राम अयोध्या लौटे तो ब्रह्महत्या के दोष से मुक्ति तथा रामराज्य की सुख-समृद्धि के लिए ऋषि वशिष्ठ और अन्य मुनियों ने उन्हें सूर्यदेव की आराधना करने का परामर्श दिया। लोक परंपराओं के अनुसार, भगवान राम और माता सीता ने बिहार के मुंगेर स्थित गंगा तट पर कार्तिक शुक्ल षष्ठी के दिन उपवास रखकर सूर्यदेव की पूजा की और अस्ताचलगामी तथा उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। मुंगेर में गंगा नदी के मध्य एक शिला पर स्थित सीता चरण मंदिर को इसी पौराणिक परंपरा से जोड़कर देखा जाता है। यहां माता सीता के पदचिह्न होने की मान्यता श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।
द्वापरयुग: सूर्यपुत्र कर्ण और द्रौपदी की साधना
महाभारत काल में सूर्योपासना के दो प्रमुख प्रसंग छठ महापर्व की सांस्कृतिक परंपरा से जोड़े जाते हैं।
सूर्यपुत्र कर्ण: अंग देश अर्थात वर्तमान बिहार के भागलपुर और मुंगेर क्षेत्र के राजा कर्ण भगवान सूर्य के परम भक्त माने जाते हैं। मान्यता है कि वे प्रतिदिन ब्रह्ममुहूर्त में गंगा के जल में कमर तक खड़े होकर सूर्यदेव की आराधना और अर्घ्य अर्पित करते थे। सूर्य की कृपा से उन्हें दिव्य कवच-कुंडल और अद्भुत तेज प्राप्त हुआ था। उनकी दानवीरता भी भारतीय लोकमानस में आदर्श के रूप में प्रतिष्ठित है।
पांडव और द्रौपदी: महाभारत के अनुसार, जुए में अपना सब कुछ गंवाने के बाद पांडवों को वनवास और अज्ञातवास की कठिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ा। लोकमान्यता के अनुसार, द्रौपदी ने अपने पतियों के कष्टों के निवारण, उत्तम स्वास्थ्य और खोए हुए साम्राज्य की पुनःप्राप्ति की कामना से ऋषि धौम्य के मार्गदर्शन में कार्तिक शुक्ल षष्ठी का निर्जला व्रत किया था।
इन प्रसंगों के माध्यम से सूर्योपासना को शक्ति, साहस, आरोग्यता, त्याग और संकल्प से जोड़कर देखा जाता है।
बिहार और झारखंड में सौर संप्रदाय की ऐतिहासिक विरासत
प्राचीन भारत में मगध, अंग, शाहाबाद और छोटानागपुर के क्षेत्रों में सूर्योपासना का व्यापक प्रभाव रहा। मौर्य, गुप्त, उत्तर-गुप्त, पाल और नागवंशी शासकों के समय अनेक सूर्य मंदिरों और सूर्य कुंडों का निर्माण हुआ। शाकद्वीपीय ब्राह्मणों, जिन्हें मग ब्राह्मण भी कहा जाता है, के आगमन और प्रसार ने सूर्योपासना की शास्त्रीय तथा सांस्कृतिक परंपरा को विस्तार दिया। बिहार और झारखंड के अनेक ऐतिहासिक सूर्य मंदिर आज भी इस विरासत के महत्वपूर्ण केंद्र हैं।
औरंगाबाद: देव और उमगा सूर्य मंदिर
औरंगाबाद जिले के देव में स्थित सूर्य मंदिर बिहार के प्रमुख ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों में शामिल है। मंदिर की स्थापत्य शैली, काले पत्थरों की संरचना और पश्चिम दिशा की ओर स्थित मुख्य द्वार इसकी विशिष्ट पहचान हैं। इसके निर्माण को लेकर ऐतिहासिक और पौराणिक मान्यताएं प्रचलित हैं। एक मान्यता इसे भगवान विश्वकर्मा द्वारा एक ही रात में निर्मित बताती है। औरंगाबाद की मदनपुर पहाड़ियों पर स्थित उमगा सूर्य मंदिर भी सूर्य और शिव उपासना का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है।
नालंदा: बड़गांव और औंगारी सूर्य मंदिर
प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के खंडहरों के निकट स्थित बड़गांव सूर्य मंदिर को प्रमुख सूर्य पीठों में गिना जाता है। यहां के पवित्र सूर्य तालाब पर कार्तिक और चैत्र छठ के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। एकंगरसराय प्रखंड का औंगारी धाम भी प्राचीन सूर्य मंदिर के रूप में प्रसिद्ध है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब ने कुष्ठ रोग से मुक्ति के लिए यहां सूर्यदेव की आराधना की थी।
गया: ब्रह्मीघाट, सूर्यकुंड और मानपुर
गया प्राचीन काल से सूर्योपासना का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां ब्रह्मीघाट, सूर्यकुंड और मानपुर क्षेत्र के सूर्य मंदिरों का धार्मिक महत्व है। सूर्यदेव के साथ उनके परिवार से संबंधित प्रतिमाएं भी कई मंदिरों में देखने को मिलती हैं।
पटना: उलार और पंडारक सूर्य मंदिर
पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल के उलार गांव में स्थित उलार्क सूर्य मंदिर प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। इसकी स्थापना को लेकर भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब से जुड़ी मान्यता प्रचलित है। पाल शासकों द्वारा इसके जीर्णोद्धार की परंपरा का भी उल्लेख मिलता है। इसके अलावा पटना के दीघा, कलेक्ट्रेट घाट और गायघाट सहित गंगा तटों पर छठ महापर्व के दौरान श्रद्धा का विशाल दृश्य दिखाई देता है। पंडारक का सूर्य मंदिर भी क्षेत्र की धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मुंगेर और भागलपुर: अंग प्रदेश की सूर्योपासना
मुंगेर का सीता चरण मंदिर माता सीता की सूर्योपासना से जुड़ी लोकमान्यता के कारण प्रसिद्ध है। वहीं भागलपुर के चंपानगर और बांका के पहाड़ी क्षेत्रों में प्राप्त प्राचीन सूर्य प्रतिमाएं अंग क्षेत्र में सूर्योपासना की समृद्ध परंपरा की ओर संकेत करती हैं।
लखीसराय, नवादा, जहानाबाद और अरवल
मगध क्षेत्र के इन जिलों में भी सूर्योपासना की प्राचीन परंपराएं मिलती हैं। नवादा का हार्डिया सूर्य मंदिर, जहानाबाद के बराबर पर्वत समूह का सूर्यांक गिरि, काको सूर्य मंदिर, दक्षिणी सूर्य मंदिर और ठाकुरवाड़ी सूर्य मंदिर तथा अरवल के करपी और मदरशवां क्षेत्र के धार्मिक स्थल इस सांस्कृतिक विरासत से जुड़े हैं। इन क्षेत्रों में प्राचीन सूर्य प्रतिमाओं, तालाबों और पारंपरिक जल संचयन प्रणालियों का उल्लेख मिलता है। आहर-पायन जैसी व्यवस्थाओं ने जल संरक्षण के साथ धार्मिक गतिविधियों को भी आधार प्रदान किया।
शाहाबाद क्षेत्र: भोजपुर, रोहतास, कैमूर और बक्सर
बक्सर को महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि माना जाता है। यहां उत्तरवाहिनी गंगा के रामरेखा घाट पर सूर्योपासना की परंपरा प्रचलित है। भोजपुर में गंगा-सोन संगम क्षेत्र तथा रोहतास और कैमूर की पहाड़ियों के आसपास भी सूर्योपासना से जुड़ी लोकपरंपराएं देखने को मिलती हैं।
झारखंड के प्राचीन सौर स्थल
झारखंड में देवघर, रांची, पलामू और हजारीबाग के क्षेत्रों में सूर्योपासना की परंपरा रही है। नागवंशी और पाल शासकों के प्रभाव काल में सूर्य मंदिरों और कुंडों का निर्माण हुआ। छोटानागपुर के जनजातीय समाज में सूर्य को सिंगबोंगा के रूप में पूजने की प्राचीन परंपरा भी प्रकृति उपासना की व्यापक सांस्कृतिक पृष्ठभूमि प्रस्तुत करती है।
मध्यकाल में लोकजीवन का महापर्व बना छठ
बारहवीं से अठारहवीं शताब्दी के मध्य भारतीय इतिहास में अनेक राजनीतिक परिवर्तन और संघर्ष हुए। इस दौर में छठ महापर्व राजमहलों और शास्त्रीय परंपराओं की सीमाओं से आगे बढ़कर आम जनजीवन में अधिक व्यापक रूप से समाहित हुआ। बिहार के मिथिला, मगध, भोजपुर और अंग क्षेत्रों के साथ झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा नेपाल के तराई क्षेत्रों में यह पर्व सामूहिक रूप से मनाया जाने लगा। मैथिली, भोजपुरी और मगही के लोकगीतों ने छठ की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवित रखा।
इस काल में छठ का कृषि संस्कृति से भी गहरा संबंध स्थापित हुआ। कार्तिक महीने में खरीफ फसलों की कटाई के बाद किसान अपनी पहली उपज सूर्यदेव और छठी मइया को समर्पित करने लगे। धान, गन्ना, हल्दी, अदरक, सुथनी और मौसमी फलों का प्रसाद में विशेष महत्व रहा। इस पर्व की सामाजिक समरसता इसकी सामूहिक भागीदारी में दिखाई देती है। डोम समाज द्वारा निर्मित बांस के सूप और दौरी, कुम्हारों द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीये तथा किसानों द्वारा उगाए गए फल और अनाज छठ की परंपरा में विभिन्न समुदायों के योगदान को दर्शाते हैं।
प्रवासन और वैश्विक विस्तार: सात समंदर पार पहुंची छठी मइया की आस्था
उन्नीसवीं और बीसवीं शताब्दी में औपनिवेशिक ब्रिटिश शासन के दौरान बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में मजदूरों को अनुबंधित श्रमिकों के रूप में मॉरीशस, फिजी, सूरीनाम, त्रिनिदाद एवं टोबैगो और गुयाना जैसे देशों में भेजा गया। इन प्रवासी भारतीयों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखा। रामचरितमानस, लोकगीतों और पारिवारिक संस्कारों के साथ छठी मइया की आराधना भी सात समंदर पार पहुंची। आज मॉरीशस और सूरीनाम सहित अनेक देशों में छठ महापर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
इक्कीसवीं सदी में शिक्षा, रोजगार और व्यापार के कारण बिहार तथा पूर्वांचल के लोग देश के महानगरों से लेकर अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर और यूरोप के अनेक देशों में बसे हैं। न्यूयॉर्क की हडसन नदी, लंदन की थेम्स नदी और कनाडा की झीलों के किनारे भी प्रवासी भारतीय सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इस प्रकार छठ महापर्व क्षेत्रीय पहचान से आगे बढ़कर भारतीय संस्कृति की वैश्विक पहचान बन गया है।
छठ महापर्व के चार दिवसीय अनुष्ठान का महत्व
छठ महापर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से प्रारंभ होकर सप्तमी की सुबह तक चार दिनों तक चलता है। प्रत्येक दिन की अपनी अलग धार्मिक परंपरा, अनुशासन और आध्यात्मिक भावना है।
पहला दिन: नहाय-खाय
कार्तिक शुक्ल चतुर्थी को नहाय-खाय के साथ पर्व का शुभारंभ होता है। इस दिन व्रती पवित्र नदियों अथवा जलाशयों में स्नान करते हैं और घर की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हैं। भोजन में अरवा चावल, चने की दाल और लौकी अथवा कद्दू की सब्जी जैसे सात्विक व्यंजन ग्रहण किए जाते हैं। यह दिन व्रत की तैयारी, शारीरिक संयम और मानसिक शुद्धता का प्रतीक है। सात्विक भोजन और नियमित दिनचर्या के माध्यम से व्रती आगामी कठिन उपवास के लिए स्वयं को तैयार करते हैं।
दूसरा दिन: खरना या लोहंडा
कार्तिक शुक्ल पंचमी को खरना मनाया जाता है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और सूर्यास्त के बाद मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ की खीर तथा रोटी तैयार करते हैं। पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण किया जाता है। इसके पश्चात लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत प्रारंभ होता है। गुड़ और चावल से बना प्रसाद इस अनुष्ठान की विशेष पहचान है।
तीसरा दिन: संध्या अर्घ्य
कार्तिक शुक्ल षष्ठी को छठ पूजा का सबसे प्रमुख दिन माना जाता है। पूरे दिन व्रती निर्जला उपवास रखते हैं। शाम को परिवार और समाज के लोग बांस के सूप तथा दौरी में फल, ठेकुआ, गन्ना और अन्य पूजा सामग्री सजाकर नदी या तालाब के घाट पर पहुंचते हैं। व्रती जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। छठ की विशेषता यह है कि इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की पूजा की जाती है। यह जीवन के उत्थान और अवसान दोनों को समान महत्व देने का संदेश देता है। संध्या के समय प्रकृति की बदलती रोशनी, जल में सूर्य का प्रतिबिंब और सामूहिक उपासना का दृश्य अत्यंत मनोहारी होता है।
चौथा दिन: उषा अर्घ्य और पारण
कार्तिक शुक्ल सप्तमी की सुबह श्रद्धालु ब्रह्ममुहूर्त से ही घाटों पर एकत्र होने लगते हैं। उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद हवन, परिक्रमा और छठी मइया की कथा का आयोजन किया जाता है। इसके पश्चात व्रती पारण करते हैं और लगभग 36 घंटे के निर्जला उपवास का समापन होता है। इस दिन परिवार और समाज के लोग एक-दूसरे को प्रसाद वितरित करते हैं तथा सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
छठ महापर्व का आध्यात्मिक और वैज्ञानिक महत्व
छठ महापर्व में उपवास, स्वच्छता, सूर्य की उपासना और जल के प्रति सम्मान का विशेष महत्व है। इसकी विधियां मनुष्य को आत्मसंयम, नियमितता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देती हैं। नहाय-खाय का सात्विक भोजन, खरना का प्रसाद, संध्या अर्घ्य और प्रातःकालीन सूर्योपासना इस पर्व के अनुशासित स्वरूप को दर्शाते हैं। सूर्य का प्रकाश मानव जीवन के लिए ऊर्जा और प्राकृतिक चक्रों का आधार है। सुबह की धूप शरीर में विटामिन-डी के निर्माण में सहायता करती है। छठ की वैज्ञानिक व्याख्या करते समय उपवास और सूर्य की किरणों से जुड़े स्वास्थ्य संबंधी दावों को सावधानी से समझना आवश्यक है। निर्जला उपवास प्रत्येक व्यक्ति के लिए सुरक्षित नहीं होता। इसलिए स्वास्थ्य संबंधी समस्या से ग्रस्त लोगों को व्रत रखने से पहले चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।
पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का संदेश
आधुनिक विश्व जलवायु परिवर्तन, प्लास्टिक प्रदूषण और जलस्रोतों की गंदगी जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में छठ महापर्व का प्रकृति-केंद्रित स्वरूप विशेष महत्व रखता है। इस पर्व में पारंपरिक रूप से बांस के सूप और दौरी, मिट्टी के दीये, मौसमी फल, कंद-मूल और घर में तैयार प्रसाद का उपयोग किया जाता है। प्राकृतिक सामग्री का प्रयोग पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देता है। छठ के अवसर पर लोग स्वयं आगे आकर सड़कों, गलियों, नदियों और तालाबों के घाटों की सफाई करते हैं। परिवारों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय समुदायों की भागीदारी से स्वच्छता का सामूहिक अभियान दिखाई देता है। यह पर्व हमें सिखाता है कि जलस्रोतों को स्वच्छ रखना और प्रकृति का सम्मान करना भी सच्ची आराधना का हिस्सा है।
सनातन संस्कृति की वैश्विक पहचान है छठ महापर्व
राजा प्रियव्रत की पौराणिक कथा से लेकर वैदिक ऋषियों की सूर्योपासना, भगवान राम और माता सीता की लोकमान्यताओं, सूर्यपुत्र कर्ण तथा द्रौपदी की साधना और बिहार-झारखंड के ऐतिहासिक सूर्य मंदिरों तक छठ महापर्व की सांस्कृतिक यात्रा अत्यंत व्यापक रही है। मध्यकाल में लोकजीवन से जुड़कर इस पर्व ने सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता का स्वरूप प्राप्त किया। प्रवासी भारतीयों ने इसे सात समंदर पार पहुंचाकर विश्वभर में भारतीय संस्कृति की पहचान बनाया।
छठ महापर्व हमें यह शाश्वत संदेश देता है कि मनुष्य प्रकृति का स्वामी नहीं, बल्कि उसका अभिन्न अंग है। प्रत्यक्ष देव सूर्य, निर्मल जल और धरती की उर्वरा शक्ति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाला यह पर्व स्वच्छता, समरसता, संयम, सेवा और प्रकृति प्रेम की प्रेरणा देता है। यही कारण है कि छठ महापर्व केवल बिहार और झारखंड का लोकपर्व नहीं, बल्कि भारतीय सनातन संस्कृति की ऐसी जीवंत परंपरा है, जो पीढ़ियों को जोड़ते हुए पूरी दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान बना रही है।
ऋषिकेश–नीलकंठ की आध्यात्मिक यात्रा : शरद पूर्णिमा पर मिला आत्मिक सुकून
छठ महापर्व का इतिहास, छठ पूजा की प्राचीन परंपरा, सूर्य षष्ठी व्रत, राजा प्रियव्रत और छठ पूजा, भगवान राम और माता सीता की छठ पूजा, सूर्यपुत्र कर्ण की सूर्योपासना, बिहार के प्राचीन सूर्य मंदिर, झारखंड में छठ पूजा, छठ पूजा के चार दिन, छठ महापर्व का वैज्ञानिक महत्व



1 thought on “छठ महापर्व : वैदिक परंपरा से वैश्विक पहचान तक सूर्योपासना की यात्रा”