- पेंशनर कार्ड के नाम पर साइबर ठगी, रिटायर्ड अधिकारी के खाते से उड़ाए लाखों
- बैंक ऑफ बड़ौदा का प्रतिनिधि बनकर ठगों ने लगाया 9.05 लाख का चूना
- व्हाट्सएप लिंक और फर्जी बैंक प्रोफाइल से बुजुर्ग को बनाया निशाना
- देहरादून में साइबर अपराधियों का नया पैंतरा, दो बैंक खातों में लगाई सेंध
देहरादून। साइबर अपराधियों ने लोगों को ठगने के लिए अब बैंकिंग सेवाओं और पेंशन संबंधी सुविधाओं के नाम पर नए तरीके अपनाने शुरू कर दिए हैं। राजधानी देहरादून में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां बैंक ऑफ बड़ौदा का प्रतिनिधि बनकर साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त बीआरओ अधिकारी के दो बैंक खातों से 9.05 लाख रुपये निकाल लिए। आरोपियों ने पीड़ित को रिटायर्ड पेंशनर कार्ड बनवाने का झांसा देकर अपनी जालसाजी में फंसाया।
पीड़ित बाल कृष्ण भटनागर बल्लूपुर एन्क्लेव के निवासी हैं और सेवानिवृत्त अधिकारी होने के साथ पेंशनभोगी भी हैं। उन्होंने कैंट कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चार नवंबर की शाम करीब छह बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक ऑफ बड़ौदा का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उनके लिए विशेष रिटायर्ड पेंशनर कार्ड तैयार किया जाना है। कथित बैंक प्रतिनिधि ने कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कुछ व्यक्तिगत और बैंक संबंधी जानकारियां आवश्यक बताईं।
इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से एक लिंक और आवेदन फॉर्म भेजा। ठगों ने अपनी पहचान को विश्वसनीय बनाने के लिए व्हाट्सएप प्रोफाइल पर बैंक ऑफ बड़ौदा के रिटायर्ड पेंशन कार्ड से संबंधित तस्वीरें और प्रचार सामग्री भी लगा रखी थी। बैंक के नाम और आधिकारिक प्रतीकों से मिलती-जुलती सामग्री देखकर बाल कृष्ण भटनागर को बातचीत वास्तविक लगी। इसी भरोसे में उन्होंने मांगी गई जानकारियां साझा कर दीं। इसके बाद आरोपियों ने पांच और छह नवंबर को दोबारा फोन कर उनसे अतिरिक्त जानकारियां मांगीं।
सात नवंबर को जब ठगों का फिर फोन आया तो पीड़ित को बातचीत पर संदेह होने लगा। उन्हें आशंका हुई कि बैंकिंग सुविधा के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी की जा रही है। इसके बाद वह उसी दिन शाम करीब पांच बजे बैंक ऑफ बड़ौदा की बल्लूपुर शाखा पहुंचे और अपने खातों की जानकारी ली। बैंक पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनके दोनों खातों से कुल 9 लाख 5 हजार रुपये की रकम निकाली जा चुकी है। यह जानकारी मिलते ही उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने कैंट कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर ठगों ने किस माध्यम से खातों तक पहुंच बनाई और रकम किन खातों में स्थानांतरित की गई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले साइबर अपराधियों से सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी देना या उसके भेजे लिंक पर विवरण भरना भारी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है।
नवंबर में अप्रैल जैसी गर्मी, देहरादून में 10 साल का रिकॉर्ड टूटा
देहरादून साइबर ठगी, रिटायर्ड बीआरओ अधिकारी, 9.05 लाख रुपये की धोखाधड़ी, बैंक ऑफ बड़ौदा फ्रॉड, पेंशनर कार्ड के नाम पर ठगी, व्हाट्सएप साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, कैंट कोतवाली देहरादून, उत्तराखंड साइबर अपराध, साइबर ठगी से बचाव



1 thought on “देहरादून में रिटायर्ड BRO अधिकारी से 9.05 लाख की साइबर ठगी”