- खटीमा में जनजातीय संस्कृति का रंग, धामी ने किया आदि रंगोत्सव का शुभारंभ
- आदि रंगोत्सव में जुटी जनजातीय संस्कृति, एकलव्य विद्यालय के लिए बड़ा ऐलान
- खटीमा में गूंजे लोकगीत और नृत्य, एकलव्य विद्यालय को मिलेगी नई सुविधाएं
- धामी के रोड शो से रंगोत्सव तक, खटीमा में दिखी जनजातीय संस्कृति की झलक
खटीमा। तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव के अवसर पर खटीमा में रविवार को जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और विकास योजनाओं का भव्य संगम देखने को मिला। आयोजन से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मुख्य चौराहे से नवीन सब्जी मंडी तक भव्य रोड शो निकाला गया। रोड शो में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, जुएल ओराम, सांसद अजय भट्ट, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा समेत कई भाजपा नेता शामिल हुए। पीलीभीत मार्ग पर जगह-जगह स्थानीय नागरिकों और सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोक नृत्य प्रस्तुत कर रोड शो का स्वागत किया।
रोड शो के दौरान शहर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। मुख्यमंत्री ने उमड़े जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया और क्षेत्रवासियों का आभार जताया। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड की जनजातीय संस्कृति और समाज के गौरव का प्रतीक है। रंगोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से आए जनजातीय कलाकारों ने अपनी लोक कलाओं, नृत्य और परंपराओं की प्रस्तुति दी।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
एकलव्य विद्यालय के आधुनिकीकरण को 10 करोड़
मुख्यमंत्री ने खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के आधुनिकीकरण और विस्तार के लिए केंद्र सरकार की ओर से 10 करोड़ रुपये की घोषणा पर आभार जताया। उन्होंने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और जुएल ओराम से पिथौरागढ़ में भी आवासीय एकलव्य विद्यालय स्थापित करने का अनुरोध किया। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरम ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से खटीमा में एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल स्थापित हुआ है।
विद्यालय के विस्तार और सुविधाओं के लिए केंद्र सरकार करीब 10 करोड़ रुपये खर्च करेगी। उन्होंने बताया कि चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हॉस्टल का टेंडर हो चुका है और निर्माण कार्य दो-तीन दिन में शुरू होने की बात कही गई है। एकलव्य विद्यालय में 240 छात्र और 240 छात्राओं समेत कुल 480 विद्यार्थियों को शिक्षा मिलेगी। जुएल ओरम ने खटीमा के एकलव्य विद्यालय के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम की भी सराहना की। उन्होंने बाजपुर, चकराता और कालसी के एकलव्य विद्यालयों का भी उल्लेख किया।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
जनजातीय समाज के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जोड़कर सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अटल आवास योजना में आय सीमा को व्यावहारिक बनाने के साथ निर्माण लागत में भी वृद्धि की गई है। ऊधमसिंह नगर जिले में इस योजना के तहत तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत जिले में पहले चरण में 824 और दूसरे चरण में 101 आवास बनाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि बाजपुर में 100 बेड का बालक छात्रावास बनाया जा रहा है। इसके अलावा 16 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आश्रम पद्धति विद्यालय का निर्माण और बालिका छात्रावास के लिए चार करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
थारू राजकीय इंटर कॉलेज के सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण का कार्य भी कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से जनजातीय समाज को रोजगार और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ उनके उत्पादों को बाजार से जोड़ने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत वर्ष 2020 से 2025 तक 10 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार केवल योजनाओं की घोषणा तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन की लगातार निगरानी भी करती है।
रिजिजू ने की जनजातीय संस्कृति की सराहना
केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने उत्तराखंड की जनजातीय विविधता और समृद्ध संस्कृति की सराहना की। उन्होंने कहा कि थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी समेत विभिन्न जनजातियों की संस्कृति और परंपराएं उत्तराखंड को विशिष्ट पहचान देती हैं। रिजिजू ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और कार्यशैली की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं, सुरंग दुर्घटनाओं, भूस्खलन और अन्य विपरीत परिस्थितियों के बावजूद मुख्यमंत्री ने चुनौतियों का कुशलतापूर्वक सामना किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में जनजातीय समाज के कल्याण और उसकी पहचान को नया आयाम मिला है।
स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के योगदान को सम्मान देने के लिए भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई। पीएम-जनमन जैसी योजनाओं के माध्यम से विकास को दूरदराज के जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। रिजिजू ने विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय प्रतिनिधियों का अभिनंदन करते हुए अपनी सांस्कृतिक विरासत, पहचान और परंपराओं को सहेजने का आह्वान किया। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनजातीय समाज की सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया।
विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने बांधा समां
उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में राजस्थान, मध्यप्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मिजोरम और उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में देशभर की जनजातीय संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक देखने को मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कलाकारों के साथ थिरके और ढोल बजाया। पीलीभीत मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम में हजारों लोग पहुंचे। जनजातीय उत्पादों के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। बड़ी संख्या में लोगों ने इन स्टॉल से उत्पादों की खरीदारी की। कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट ने भी लोगों को आकर्षित किया।
‘हनुमान अंश’ फिल्म के कलाकार सम्मानित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘हनुमान अंश’ फिल्म के कलाकारों को मंच पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कलाकारों को पौधा, हनुमान जी की गदा और नीम करौली बाबा की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और जुएल ओरम को भी पौधा और महाराणा प्रताप की प्रतिमा भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने खटीमा के अंजनिया गांव निवासी बीएसएफ जवान मोहन सिंह राणा और चारूबेटा की तिला सेन को माउंट एवरेस्ट फतह करने पर भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों की उपलब्धि से थारू समाज के साथ ही पूरे उत्तराखंड का मान बढ़ा है।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, प्रदीप बत्रा, खजान दास, राम सिंह केड़ा, भरत सिंह चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष मुकेश कुमार, विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री गीता राम गौड़, मोहिनी पोखरिया, रणजीत नामधारी, विनय रुहेला, गंभीर धामी, फरजाना बेगम, किशन सिंह किन्ना, उत्तम दत्ता, लीलावती राणा, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेशचंद्र जोशी और भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल समेत कई जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


