
हल्द्वानी की एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने देशभर में ऊंची इमारतों और बेसमेंट में संचालित कोचिंग सेंटरों पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई है। संस्था ने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर एक से दो मंजिल तक ही कोचिंग सेंटर संचालन की अनुमति देने का नियम बनाने की अपील की है। संस्था का कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण छात्रों की जान जोखिम में पड़ रही है।
- कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
- बेसमेंट और ऊंची इमारतों में कोचिंग संचालन रोकने की मांग
- छात्रों की सुरक्षा के लिए संस्था ने प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन
- कोचिंग सेंटरों के नियमन को लेकर हल्द्वानी से उठी आवाज
ओ पी उनियाल
देहरादून | शिक्षा संस्थानों में छात्रों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच हल्द्वानी की सामाजिक संस्था “एक समाज श्रेष्ठ समाज” ने कोचिंग सेंटरों के संचालन संबंधी नियमों को और अधिक सख्त बनाने की मांग उठाई है। संस्था ने देशभर में दूसरी मंजिल से अधिक ऊंचाई पर तथा बेसमेंट में संचालित हो रहे कोचिंग सेंटरों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और केवल एक से दो मंजिल तक की ऊंचाई में कोचिंग संस्थान संचालित करने के लिए स्पष्ट नियम बनाए जाने की मांग करते हुए प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा है। यह ज्ञापन हल्द्वानी सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से भेजा गया।
संस्था का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दिए बिना शिक्षा व्यवस्था को सुरक्षित नहीं बनाया जा सकता। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू तथा संस्था की मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार ने संयुक्त रूप से कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न स्थानों पर कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, भवन संबंधी व्यवस्थाओं की कमी तथा संचालन नियमों के उल्लंघन के कारण कई गंभीर हादसे सामने आए हैं। इन घटनाओं में अनेक छात्रों को अपनी जान गंवानी पड़ी, जो अत्यंत दुखद और चिंता का विषय है। संस्था का मानना है कि शिक्षा संस्थानों में भी भवन सुरक्षा, आपातकालीन निकासी व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा और संचालन मानकों को लेकर स्पष्ट और कठोर नियम लागू किए जाने चाहिए।
इसी उद्देश्य से सरकार से मांग की गई है कि कोचिंग सेंटरों के लिए ऐसी नीति बनाई जाए जिससे छात्रों और अभिभावकों का विश्वास मजबूत हो तथा संभावित दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके। ज्ञापन में यह भी आग्रह किया गया कि भविष्य में कोचिंग संस्थानों के लिए भवन चयन, मंजिल सीमा, प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा सुरक्षा अनुपालन को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं और उनका नियमित निरीक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान ज्ञापन कार्यक्रम में संस्था के सचिव नन्दकिशोर आर्या, कोषाध्यक्ष बलराम हालदार, मनीषा आर्या, कल्पना भंडारी, अलका टंडन, सुनीता तिवारी, रोहतास प्रजापति, योगेश कश्यप, मोनिका आर्या, खुशी नागर, जानकी कश्यप, सूरज मिस्त्री, नमन तिवारी, दीपक कुमार, सुशील राय तथा मुकेश कुमार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।






