
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के 28 मई के उत्तराखंड दौरे को लेकर पार्टी तैयारियों में जुट गई है। देहरादून सहित 25 से अधिक स्थानों पर पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत किया जाएगा। दौरे के दौरान वह संगठनात्मक बैठकों, युवा संवाद कार्यक्रम और विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे।
- 28 मई से उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन
- देहरादून में बैठकों और युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे नितिन नवीन
- भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर बनाई विस्तृत रणनीति
- कोर कमेटी से लेकर बूथ अध्यक्षों तक करेंगे संवाद नितिन नवीन
देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर पार्टी संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 28 मई से शुरू होने वाले तीन दिवसीय दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ता प्रदेशभर में उत्साहपूर्ण माहौल तैयार करने में जुटे हुए हैं। पार्टी ने तय किया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का 25 से अधिक स्थानों पर पारंपरिक और सादगीपूर्ण अंदाज में स्वागत किया जाएगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कार्यक्रम प्रमुखों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक कर दौरे की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में स्वागत कार्यक्रमों, बैठकों की रूपरेखा और संगठनात्मक गतिविधियों को अंतिम रूप देने पर चर्चा हुई। पार्टी का लक्ष्य इस दौरे के माध्यम से आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संगठन को और अधिक मजबूत करना है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार नितिन नवीन 28 मई को शाम 4:35 बजे जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से उनका भव्य स्वागत किया जाएगा, जिसके बाद वह सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे। यहां शाम 6:15 बजे कोर कमेटी की बैठक आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठनात्मक रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद मंत्रियों के साथ भी अलग बैठक होगी।
दौरे के दूसरे दिन 29 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। दिनभर विभिन्न बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा। राजपुर रोड स्थित होटल में आयोजित बैठकों में सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार को लेकर मंथन होगा। भाजपा संगठन की ओर से स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों के साथ भी विशेष बैठक प्रस्तावित है।
इसमें नगर निगमों के मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत पदाधिकारी और ब्लॉक प्रमुख शामिल होंगे। पार्टी की मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी टीमों के साथ भी राष्ट्रीय अध्यक्ष संवाद करेंगे। दौरे के अंतिम दिन नितिन नवीन टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह डाकरा बूथ अध्यक्ष के आवास पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और बूथ समिति की बैठक में शामिल होंगे।
शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, सिंहनीवाला में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी को संबोधित करने के बाद वह मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में युवा संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रमों के समापन के बाद वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे। भाजपा इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मान रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह प्रवास कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा और आगामी चुनावों की तैयारियों को गति देगा।








