
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे पर आकर विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनावी संदेश देंगे। उनके स्वागत के लिए 30 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की तैयारी की गई है। इस दौरे को भाजपा की हैट्रिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें माहौल को मजबूत करने पर जोर रहेगा।
- दून में पीएम मोदी का रोड शो, फूलों से होगा स्वागत
- एक्सप्रेसवे उद्घाटन के साथ सियासी संदेश देंगे पीएम
- भाजपा की हैट्रिक रणनीति में मोदी दौरा अहम
- 30 हजार कार्यकर्ता बनाएंगे पीएम रैली को भव्य
देहरादून: उत्तराखंड की सियासत में 14 अप्रैल का दिन बेहद अहम होने जा रहा है, जब नरेंद्र मोदी राज्य के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वे न सिर्फ विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए सफलता का मंत्र भी देंगे। पार्टी इस दौरे को 2027 विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक की रणनीति के रूप में देख रही है। प्रधानमंत्री का आगमन हेलिकॉप्टर के जरिए गणेशपुर हेलीपैड पर होगा, जहां से उनका काफिला एशिया के सबसे लंबे एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर से होते हुए डाटकाली मंदिर पहुंचेगा।
इसके बाद वे गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड तक रोड शो करेंगे। इस दौरान रास्ते भर भाजपा कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे। भाजपा संगठन ने स्वागत को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। देहरादून, हरिद्वार, सहारनपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों से हजारों कार्यकर्ता जुटेंगे। करीब 30 हजार कार्यकर्ता सड़क के दोनों ओर खड़े होकर फूलों की वर्षा से प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। इसके लिए कई टन गुलाब की पंखुड़ियों का इंतजाम किया गया है।
प्रधानमंत्री इस दौरे में दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे सहित कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। साथ ही वे रैली को संबोधित कर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में जोश भरेंगे। उनके संबोधन में विकास, संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति का स्पष्ट संदेश देखने को मिल सकता है। राजनीतिक दृष्टि से यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री और रक्षा मंत्री के दौरे से जो माहौल बना है, उसे और मजबूत करने की जिम्मेदारी अब प्रधानमंत्री के कंधों पर है।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि पीएम मोदी का करिश्मा और सीधा संवाद कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस दौरे को लेकर सक्रिय हैं और लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित संगठन के तमाम पदाधिकारी कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। कुल मिलाकर, यह दौरा केवल विकास परियोजनाओं के उद्घाटन तक सीमित नहीं है, बल्कि भाजपा के लिए चुनावी माहौल को नई ऊंचाई देने और सत्ता में लगातार तीसरी बार वापसी की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित हो सकता है।





