
देहरादून में 15 दिनों के भीतर चौथी हत्या से सनसनी फैल गई है। नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के युवक की हत्या कर शव को श्यामपुर थाना क्षेत्र के चिड़ियापुर जंगल में दफना दिया गया था। पुलिस ने आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर शव बरामद कर लिया है।
- 15 दिनों में चार हत्याओं से दहला देहरादून
- नशे में विवाद बना मौत की वजह, पुलिस ने आरोपी दबोचा
- विक्रम हत्याकांड के बाद फिर सनसनी, कानून व्यवस्था पर सवाल
- गुमशुदगी से हत्या तक: पुलिस जांच में खुला राज
देहरादून। राजधानी देहरादून में लगातार हो रही हत्याओं ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले 15 दिनों में चार हत्याकांड सामने आ चुके हैं, जिससे आमजन में भय और आक्रोश का माहौल है। ताजा मामला नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र का है, जहां युवक दिगंबर धीमान की हत्या कर शव को श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित चिड़ियापुर के जंगल में रेत में दबा दिया गया। पुलिस के अनुसार, नौ फरवरी को हत्या की गई थी, जबकि 11 फरवरी को परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान शक की सुई उसके दोस्तों पर गई।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि नशे की हालत में हुए विवाद के बाद दोस्त ने ही उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर जंगल से शव बरामद किया। इससे पहले दो फरवरी को गुंजन श्रीवास्तव की हत्या, 11 फरवरी को गैस कारोबारी अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या और 13 फरवरी को सिल्वर सिटी मॉल में हिस्ट्रीशीटर Vikram Sharma की दिनदहाड़े हत्या की वारदात हो चुकी है। विक्रम शर्मा हत्याकांड में शूटरों ने मॉल की सीढ़ियों के पास घात लगाकर सिर में कई गोलियां मारी थीं।
Government Advertisement...
लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बाद राज्य सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया था। 48 घंटे के भीतर दो हत्याओं के बाद एसएसपी अजय सिंह को हटाकर Pramendra Singh Dobal को नया एसएसपी नियुक्त किया गया। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने भी कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे। उन्होंने मुखबिर तंत्र मजबूत करने, अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने पर जोर दिया था।
इसके बाद जिले में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया और सड़कों पर पुलिस की गश्त बढ़ाई गई। इसके बावजूद 15 दिनों में चौथी हत्या सामने आने से पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।





