
जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायत लड़ियासु में 31.51 लाख रुपये की लागत से तैयार पेयजल योजना का लोकार्पण किया गया। ‘जल अर्पण दिवस’ के अवसर पर योजना का स्वामित्व ग्राम पंचायत को सौंपा गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
- विधायक भरत सिंह चौधरी ने किया लेख-लवाड़ी पेयजल योजना का उद्घाटन
- जल संरक्षण रैली और नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता संदेश
- ग्राम पंचायत को सौंपा गया योजना का स्वामित्व प्रमाण पत्र
- लड़ियासु में अब हर घर तक पहुंचेगा स्वच्छ पेयजल
रुद्रप्रयाग। जल जीवन मिशन के अंतर्गत विकासखंड जखोली की ग्राम पंचायत लड़ियासु में ‘हर घर नल, हर नल में जल’ योजना पूर्ण होने पर ‘जल अर्पण दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन तुनेटा में हर्षोल्लास के साथ किया गया। योजना के सफल क्रियान्वयन के बाद प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भरत सिंह चौधरी (विधायक, रुद्रप्रयाग) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र रावत उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लड़ियासु गांव के लिए 31.51 लाख रुपये की लागत से तैयार लेख-लवाड़ी पेयजल योजना का विधिवत लोकार्पण किया गया। यह योजना पेयजल निगम रुद्रप्रयाग द्वारा निर्मित की गई है। मुख्य अतिथि और मुख्य विकास अधिकारी ने योजना का स्वामित्व प्रमाण पत्र ग्राम प्रधान एवं ग्राम पेयजल संचालन समिति को सौंपा। योजना के सुचारू संचालन से अब गांव के प्रत्येक परिवार को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। कार्यक्रम से पूर्व महिला मंगल दलों और स्कूली बच्चों द्वारा जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता रैली निकाली गई।
Government Advertisement...
रंगोली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जल के महत्व और संरक्षण का संदेश दिया गया। अधिशासी अभियंता नवल कुमार ने योजना की विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए इसकी विशेषताओं की जानकारी दी। विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को बधाई देते हुए अन्य ग्रामों में भी शीघ्र योजना पूर्ण करने के निर्देश दिए और सभी ग्रामवासियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र रावत ने भविष्य में संभावित जल संकट की चुनौती का उल्लेख करते हुए जल संरक्षण एवं संवर्द्धन को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने ग्राम स्तर पर ठोस कार्ययोजना बनाकर जल स्रोतों के संरक्षण हेतु सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान लड़ियासु सुंदर लाल, ग्राम प्रधान तुनेटा ललिता देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र डिमरी, प्रधान कांडा अमित रावत, पूर्व प्रधान सेमा शशि नौटियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और ग्रामवासी उपस्थित रहे।






