
उत्तराखंड में भाजपा सरकार के चार साल पूरे होने पर विकास रथ के जरिए उपलब्धियों को हर विधानसभा तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई है। कोर कमेटी बैठक में हारे हुए बूथों को जीतने, महिलाओं के विशेष कार्यक्रम और बड़ी रैली के आयोजन का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं प्रचार यात्राओं और विधायकों की बैठकों में शामिल होंगे।
- चार साल पूरे होने पर भाजपा की बड़ी रैली, लाखों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य
- बूथ मजबूत करने की रणनीति, हारी सीटों पर भाजपा का विशेष फोकस
- सहसपुर में महिलाओं का मेगा कार्यक्रम करेगी भाजपा
- लोकसभा स्तर पर विधायकों की बैठक लेंगे सीएम धामी
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर सक्रियता तेज कर दी है। सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी ने विकास रथ अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है, जिसके माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को हर विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचाया जाएगा। प्रदेश में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में यह रणनीति तय की गई कि विकास रथ के जरिए जनता को सरकार की प्रमुख योजनाओं, अधूरे कार्यों की प्रगति और आगामी विकास लक्ष्यों की जानकारी दी जाएगी।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में जिन बूथों पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था, उन्हें आगामी चुनाव में जीत में बदलना प्राथमिक लक्ष्य रहेगा। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक से चार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में पार्टी और सरकार के वरिष्ठ नेता शिरकत करेंगे। तय हुआ है कि हर विधानसभा के कम से कम एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री या सांसद में से कोई एक अवश्य मौजूद रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर केंद्रीय मंत्रियों को भी आमंत्रित किया जा सकता है।
संगठनात्मक स्तर पर 17 फरवरी को कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जबकि आठ से 14 अप्रैल के बीच मंडल स्तर के कार्यक्रम संपन्न होंगे। पार्टी मार्च महीने में सभी मोर्चों की संयुक्त बैठक भी करेगी, जिसमें आगामी चुनाव की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं का एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई है। इसमें किसी महिला केंद्रीय मंत्री की संभावित उपस्थिति पर भी विचार किया जा रहा है। महिला मतदाताओं तक योजनाओं का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा।
23 मार्च को सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर एक विशाल रैली आयोजित करने की तैयारी है, जिसमें डेढ़ से दो लाख लोगों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह या रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री धामी प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भाजपा विधायकों की बैठक भी लेंगे। इन बैठकों में संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी तथा लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करने पर जोर दिया जाएगा।
प्रदेश में दो आंतरिक सर्वे पहले ही कराए जा चुके हैं। अगली कोर कमेटी बैठक में इन सर्वे रिपोर्टों पर विस्तृत चर्चा होगी। सर्वे के आधार पर कमजोर सीटों की पहचान कर रणनीतिक सुधार किए जाएंगे, ताकि आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके। भाजपा का लक्ष्य स्पष्ट है—सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाकर संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना और आगामी विधानसभा चुनाव में निर्णायक बढ़त हासिल करना।






1 thought on “सीएम के साथ विकास रथ यात्रा, हर विधानसभा में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन”