
यह कविता जंगलों के सिमटने और बढ़ती बस्तियों के बीच चल रहे संघर्ष को दर्शाती है। इसमें मानव की स्वार्थपूर्ण प्रवृत्ति, प्रकृति के विनाश और उसके परिणामों का मार्मिक चित्रण किया गया है। साथ ही प्रकृति के प्रकोप के माध्यम से मानव को मिलने वाले सबक को भी बताया गया है।
- प्रकृति और मानव का टकराव
- सिमटते जंगल, बढ़ती बस्तियां
- विकास बनाम पर्यावरण
- प्रकृति का प्रतिशोध
डॉ मधुछन्दा चक्रवर्ती
बेंगलुरू
Government Advertisement...
सिमट रहा है जंगल अब,
गहरा उसका दुख है,
पशु-पक्षी बेघर हुए,
कैसा यह कलयुग है?
दूजी तरफ है भीड़ बड़ी,
इंसान को घर की प्यास है,
जहाँ दिखा थोड़ा जंगल,
वहाँ बस्ती की आस है।
चलती रस्सा-कस्सी दोनों में,
निर्दोष मारे जाते हैं,
कभी जानवर, कभी गरीब,
बिना वजह दुख पाते हैं।
बीच में बैठा स्वार्थी मानव,
अपनी लालसा बुनता है,
विकास का देकर नाम सिर्फ,
अपना फायदा चुनता है।
तहस-नहस सब कर देता वह,
करता सबकी अनदेखी,
लेकिन प्रकृति लिखती है,
एक भयंकर नई लेखी।
जब क्रोध में आती कुदरत है,
तब सबक बड़ा सिखाती है,
इंसान की हर एक अकड़ को,
मिट्टी में मिलाती है।









