
औली में प्रस्तावित विंटर कार्निवाल और राष्ट्रीय स्कीइंग चैम्पियनशिप को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। आवास, यातायात, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
- औली में भव्य आयोजन के लिए आवास, सड़क और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर जोर
- आयोजन स्थल और हैलीपेड का स्थलीय निरीक्षण करेंगे एसडीएम जोशीमठ
- यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस व बीआरओ को निर्देश
- औली में अस्थायी चिकित्सालय और जोशीमठ अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखने के आदेश
चमोली। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में आयोजित होने वाले विंटर कार्निवाल और राष्ट्रीय स्कीइंग चैम्पियनशिप की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवास, पेयजल, विद्युत, सड़क, यातायात, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
उन्होंने कहा कि औली जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल पर होने वाले इस आयोजन से राज्य की पर्यटन छवि जुड़ी हुई है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में उप जिलाधिकारी जोशीमठ को आयोजन स्थल एवं हैलीपेड का स्थलीय निरीक्षण करने तथा स्थानीय होटल व्यवसायियों के साथ बैठक कर पर्याप्त और सुलभ आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं बीआरओ को आयोजन अवधि के दौरान सड़कों की स्थिति दुरुस्त रखने और यातायात सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
Government Advertisement...
पुलिस विभाग को आयोजन के दौरान यातायात प्रबंधन की ठोस योजना तैयार करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को औली में अस्थायी चिकित्सालय स्थापित करने और जोशीमठ चिकित्सालय में सभी आवश्यक संसाधनों एवं स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, आईटीबीपी के डीसी नानक चंद ठाकुर, एसी विजेंद्र, सीएमओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि विंटर कार्निवाल और राष्ट्रीय स्कीइंग चैम्पियनशिप जैसे आयोजन न केवल पर्यटन को बढ़ावा देते हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसर भी सृजित करते हैं। इसलिए सभी विभाग इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।





