
जालंधर में एक शराबी पिता ने अपनी ही पांच साल की बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। बच्ची भूख से बार-बार खाना मांग रही थी, जिससे आरोपी का नशा और ‘मजा’ खराब हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
- मां काम पर गई थी, घर में शराब और हैवानियत का खेल चला
- भूख से बेहाल बच्ची की चीखें बनीं पिता के गुस्से का कारण
- पहले भी करता था मारपीट, पुलिस के सामने खुला हिंसा का इतिहास
- मासूम की हत्या से पूरे इलाके में सन्नाटा और आक्रोश
जालंधर। जालंधर के दूरदर्शन एन्क्लेव इलाके से सामने आई यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि समाज के उस काले चेहरे को उजागर करती है, जहां नशा, गरीबी और संवेदनहीनता मिलकर मासूम जिंदगियों को निगल रहे हैं। यहां एक कलयुगी पिता ने अपनी ही पांच साल की बेटी की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि वह भूख से रोते हुए उससे खाना मांग रही थी। आरोपी अरविन्दर, जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ का रहने वाला है, शराब का आदी बताया जा रहा है। घटना के समय उसकी पत्नी नेहा घरों में काम करने गई हुई थी।
घर में सिर्फ पिता और उसकी मासूम बेटी मौजूद थे। बच्ची भूख से परेशान थी और बार-बार अपने पिता से खाने की मांग कर रही थी। लेकिन अरविन्दर उस वक्त शराब पी रहा था। बच्ची का रोना और उसकी भूख की फरियाद उसे नागवार गुजरने लगी। जांच में सामने आया है कि बच्ची के रोने से आरोपी का “शराब पीने का मजा” खराब हो रहा था। इसी गुस्से में उसने अपनी ही बेटी का गला दबा दिया। कुछ ही पलों में मासूम की सांसें थम गईं। जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो पुलिस को सूचना दी गई।
Government Advertisement...
पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अरविन्दर पहले भी शराब के नशे में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था। घरेलू हिंसा का यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा था, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। नतीजा यह हुआ कि एक मासूम बच्ची को अपनी जान गंवानी पड़ी।
यह घटना समाज और सिस्टम दोनों के लिए गंभीर चेतावनी है। सवाल यह है कि क्या शराब की लत, घरेलू हिंसा और बच्चों की सुरक्षा को लेकर हमारी व्यवस्था सिर्फ घटना के बाद जागेगी? जिस बच्ची ने सिर्फ खाना मांगा था, उसे मौत दे दी गई—यह सच पूरे समाज को झकझोरने वाला है।






