
कोटद्वार में दुकान के नाम में ‘बाबा’ को लेकर चल रहे विवाद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की एंट्री हो गई है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दीपक का समर्थन करते हुए उन्हें भारत का हीरो बताया और भाजपा-संघ पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया। मामले के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
- कोटद्वार दुकान विवाद में राजनीतिक रंग, राहुल गांधी ने भाजपा-संघ पर साधा निशाना
- दीपक को बताया संविधान और इंसानियत के लिए लड़ने वाला योद्धा
- बजरंग दल प्रदर्शन के बाद कोटद्वार में तनाव, पुलिस प्रशासन सतर्क
- राहुल गांधी बोले— शांति के बिना विकास सिर्फ एक जुमला
कोटद्वार। पौड़ी जनपद के कोटद्वार में कपड़े की दुकान के नाम में ‘बाबा’ शब्द को लेकर उपजे विवाद ने अब सियासी रूप ले लिया है। रविवार को इस मामले में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की एंट्री हो गई। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए विवाद से जुड़े दीपक का खुलकर समर्थन किया। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा कि उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो हैं, जो संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और संघ परिवार रोज़ संविधान को रौंदने की साज़िश कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने दीपक को “नफरत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक” बताते हुए कहा कि यही बात सत्ता को सबसे अधिक चुभती है। अपने बयान में राहुल गांधी ने आगे कहा कि संघ परिवार देश में जानबूझकर आर्थिक और सामाजिक ज़हर घोल रहा है ताकि भारत बंटा रहे और कुछ लोग डर के सहारे राज करते रहें। उन्होंने उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर भी असामाजिक तत्वों का साथ देने का आरोप लगाया और कहा कि नफरत, डर और अराजकता के माहौल में कोई भी देश आगे नहीं बढ़ सकता। शांति के बिना विकास केवल एक जुमला है।
Government Advertisement...
राहुल गांधी ने दीपक को संबोधित करते हुए लिखा कि हमें ऐसे और लोगों की जरूरत है जो न झुकें, न डरें और पूरी ताकत से संविधान के साथ खड़े रहें। उन्होंने कहा— “हम तुम्हारे साथ हैं भाई, डरो मत, तुम बब्बर शेर हो।” उधर, शनिवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पटेल मार्ग स्थित दुकान के पास प्रदर्शन किया था, जिसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए मालवीय उद्यान क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी।
दोनों पक्षों के बीच झगड़े की आशंका के चलते उपजिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। फिलहाल पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी से मामला शांत है, लेकिन विवाद को देखते हुए शहर में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर जांच कर रही है।







