
देहरादून के मच्छी बाजार में एक युवती गुन्नु श्रीवास्तव की दिनदहाड़े चापड़ से गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतका ने दो दिन पहले ही आरोपी युवक के खिलाफ धमकी की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
- देहरादून के मच्छी बाजार में युवती गुन्नु श्रीवास्तव की हत्या
- आरोपी ने सड़क पर बुलाकर चापड़ से गला काटा
- मृतका ने दो दिन पहले आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी
- घटना के बाद इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
देहरादून। राजधानी देहरादून के मच्छी बाजार क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवती की दिनदहाड़े चापड़ से गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान गुन्नु श्रीवास्तव के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती ने दो दिन पहले ही मच्छी बाजार निवासी एक युवक के खिलाफ धमकी देने की शिकायत खुदबुड़ा चौकी में दर्ज कराई थी। आरोप है कि उसी युवक ने सोमवार को युवती को घर से बाहर बुलाया और बीच सड़क पर उस पर चापड़ से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
Government Advertisement...
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोश और भय के चलते मच्छी बाजार की अधिकांश दुकानों को बंद कर दिया गया। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।






