
ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में एक युवक ने दरवाजा खटखटाकर तलाकशुदा महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। महिला ने केवल अंदर का लकड़ी का दरवाजा खोला था, जाली बंद होने के बावजूद आरोपी ने पिस्टल सटाकर फायर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
- शिवाजी नगर में सनसनीखेज वारदात, आरोपी फरार
- जाली वाले दरवाजे से सटाकर मारी गई गोली
- अकेली रह रही महिला की हत्या से इलाके में दहशत
- मकान मालिक पर सत्यापन न कराने का आरोप
ऋषिकेश। ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने दरवाजा खटखटाकर तलाकशुदा महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के समय महिला घर में अकेली थी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 10 बजे की है। आरोपी युवक बाइक से गली में आया और महिला के कमरे का दरवाजा खटखटाया। महिला ने केवल अंदर का लकड़ी का दरवाजा खोला, जबकि बाहर लगा जाली वाला दरवाजा बंद ही रहा।
इसी दौरान आरोपी ने जाली के पास पिस्टल सटाकर गोली चला दी, जो सीधे महिला के सीने में लगी। गोली लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जाली वाला दरवाजा बंद होने के कारण पुलिस को उसे तोड़कर कमरे के भीतर प्रवेश करना पड़ा। मृतका की पहचान प्रीति रावत (32 वर्ष) निवासी यमकेश्वर के रूप में हुई है। वह पिछले एक वर्ष से शिवाजी नगर में किराये के कमरे में रह रही थी और आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से एम्स में कार्यरत थी।
Government Advertisement...
पुलिस के अनुसार, मृतका का एक आठ वर्षीय पुत्र है, जो अपने नाना के साथ रहता है। घटना के बाद परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी का महिला से क्या संबंध था और हत्या के पीछे क्या कारण रहा। पड़ोसी राधेश्याम ने बताया कि अचानक पटाखे जैसी आवाज सुनकर उन्हें संदेह हुआ। बाहर झांककर देखा तो महिला खून से लथपथ पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने अन्य लोगों को सूचना दी।
इस मामले में यह भी सामने आया है कि मकान मालिक द्वारा महिला का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। पुलिस ने मकान मालिक से पूछताछ शुरू कर दी है और नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है। एसपी जया बलूनी ने बताया कि हत्या का मामला गंभीर है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।








