
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखण्ड के मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी जगदीश सिंह पटवाल और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी दिनेश सिंह राणा को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में अधिकारियों ने उनके दीर्घ सेवाकाल, अनुशासन और विभागीय योगदान की सराहना करते हुए इसे विभाग के लिए गौरवपूर्ण बताया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त और कार्यरत कार्मिकों के बीच आपसी संवाद और अनुभव साझा करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
- 40 और 34 वर्षों की सेवा गौरव का विषय : आशिष त्रिपाठी
- सेवानिवृत्त कार्मिकों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता
- सूचना विभाग मुख्यालय में आयोजित हुआ विदाई कार्यक्रम
- अधिकारियों व कर्मचारियों ने शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट किए
देहरादून। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखण्ड के मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित एक गरिमामय समारोह में विभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्री जगदीश सिंह पटवाल एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री दिनेश सिंह राणा को उनके सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सूचना कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने दोनों अधिकारियों के दीर्घ सेवाकाल और विभागीय योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अपर निदेशक सूचना श्री आशिष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी कार्मिक द्वारा 40 वर्ष और 34 वर्ष तक सेवा देना अपने आप में एक उपलब्धि और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कार्मिक विभाग को अपने अनुभव, अनुशासन और कार्यसंस्कृति की अमूल्य विरासत सौंपकर जाते हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होती है। उन्होंने विभाग में आपसी संबंधों को और अधिक मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि बेहतर कार्य वातावरण के लिए सहयोग और संवाद अत्यंत आवश्यक है।
Government Advertisement...
श्री त्रिपाठी ने यह भी सुझाव दिया कि भविष्य में सूचना कर्मचारी संघ द्वारा सेवानिवृत्त कार्मिकों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे पुराने और नए कर्मचारियों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान हो सके। उन्होंने श्री जगदीश सिंह पटवाल और श्री दिनेश सिंह राणा द्वारा विभाग में दी गई सेवाओं की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि विभाग की प्रगति में सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों की कार्यशैली, समर्पण और निष्ठा विभाग के लिए प्रेरणास्रोत रहे हैं। कार्यक्रम में फोटो फिल्म अधिकारी श्री शेखर चन्द्र जोशी, सहायक लेखाकार श्री कीर्ति सिंह पंवार एवं व्यवस्थाधिकारी श्री रामपाल सिंह रावत ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सेवानिवृत्त अधिकारियों के साथ बिताए गए कार्यकाल को याद किया। कार्यक्रम का संचालन प्रशासनिक अधिकारी श्री विजय कुमार ने किया।
समारोह में सहायक निदेशक श्री एल.पी. भट्ट, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्री मनोज कुमार शुक्ला, सहायक लेखाकार श्री राकेश कुमार धीमान, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्री रणजीत सिंह बुदियाल सहित सूचना कर्मचारी संघ के महामंत्री श्री अंकित चौहान, उपाध्यक्ष श्री प्रशांत रावत, संगठन मंत्री श्री सत्येन्द्र विजल्वाण एवं विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके स्वस्थ व सफल भविष्य की कामना की।





