
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजीत पवार के विमान दुर्घटना में निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने इसे हृदयविदारक घटना बताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल देने की प्रार्थना की। उत्तराखंड कैबिनेट ने भी दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
- मुख्यमंत्री धामी ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए की प्रार्थना
- विमान दुर्घटना को बताया हृदयविदारक हादसा
- समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए समर्पित थे अजीत पवार
- कैबिनेट बैठक में दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
देहरादून। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजीत पवार के विमान दुर्घटना में आकस्मिक निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए कहा कि यह घटना न केवल राजनीतिक जगत बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्वर्गीय श्री अजीत पवार ने सदैव समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान और कल्याण के लिए करुणा, संवेदनशीलता और पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया। उनका सार्वजनिक जीवन जनसेवा, सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण के कार्यों को समर्पित रहा, जिसे सदैव स्मरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि इस दुःखद विमान दुर्घटना में दिवंगत सभी पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों, सहयोगियों और समर्थकों को इस असह्य दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उत्तराखंड की जनता दिवंगतों के परिजनों के साथ खड़ी है।
इस दुःखद घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में भी विमान दुर्घटना में दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखा गया। मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
विमान दुर्घटना की इस त्रासदी ने पूरे देश को शोक में डुबो दिया है। उत्तराखंड सरकार ने इस दुख की घड़ी में महाराष्ट्र सरकार और शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना और एकजुटता व्यक्त की है।








