
अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान रुद्रप्रयाग के जवान हवलदार रविंद्र सिंह शहीद हो गए। मंगलवार को उनके पैतृक गांव आगर में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
- अलोंग में ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए जवान
- दशज्यूला के आगर गांव में शोक की लहर
- 2008 में सेना में भर्ती हुए थे शहीद रविंद्र सिंह
- पत्नी, बेटा और बेटी को छोड़ गए पीछे
रुद्रप्रयाग। अरुणाचल प्रदेश में देश की सेवा करते हुए उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद के जवान हवलदार रविंद्र सिंह (36) वीरगति को प्राप्त हो गए। शहीद जवान 15 गढ़वाल राइफल्स में तैनात थे और अरुणाचल प्रदेश के अलोंग क्षेत्र में मातृभूमि की रक्षा करते हुए उन्होंने अपने प्राण न्योछावर कर दिए। इस वीर बलिदान से पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई है।
दशज्यूला क्षेत्र के आगर गांव निवासी शहीद रविंद्र सिंह का पार्थिव शरीर सोमवार रात रुद्रप्रयाग स्थित आर्मी कैंप लाया गया। मंगलवार 20 जनवरी को सुबह सात बजे सैन्य सम्मान के साथ उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा। इसके बाद रुद्रप्रयाग संगम पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शहीद जवान अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं। शहादत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन गहरे सदमे में हैं, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक और गर्व का मिला-जुला माहौल है। ग्राम प्रधान चन्द्रकला देवी ने बताया कि शहीद रविंद्र सिंह के बलिदान से पूरा दशज्यूला क्षेत्र शोक में डूबा है।
सामाजिक कार्यकर्ता पंकज सिंह ने बताया कि रविंद्र सिंह वर्ष 2008 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और अपने सरल, सौम्य व्यवहार के कारण गांव में सभी के प्रिय थे। जिला पंचायत सदस्य सारी जयवर्धन कांडपाल सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने शहीद के बलिदान पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
देश की रक्षा में अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले शहीद रविंद्र सिंह का नाम क्षेत्र और प्रदेश के इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।








