
ऊधम सिंह नगर के किच्छा में कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के बेटे सौरभ राज बेहड़ पर नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
- विधायक तिलक राज बेहड़ के बेटे सौरभ पर रॉड और लाठियों से हमला
- ICU में भर्ती विधायक पुत्र, हालत गंभीर
- हमले के बाद ऊधम सिंह नगर में राजनीतिक हलचल
- कांग्रेस विधायक ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
ऊधम सिंह नगर। किच्छा क्षेत्र में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ के बेटे सौरभ राज बेहड़ पर तीन नकाबपोश हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसे आईसीयू में रखा गया है। पुलिस के अनुसार, सौरभ रविवार शाम आवास विकास क्षेत्र में स्थित पुलिस चौकी की ओर जा रहा था।
इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उस पर लाठियों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। हमले के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल सौरभ को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक तिलक राज बेहड़ से फोन पर बातचीत की और पूरे मामले की गहन जांच के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि समझौते के बहाने उनके बेटे को पुलिस चौकी बुलाया गया और इसके बाद उस पर सुनियोजित हमला किया गया। उन्होंने इसे कानून व्यवस्था की गंभीर विफलता बताया। घटना के बाद अस्पताल में कांग्रेस नेताओं, सामाजिक संगठनों और समर्थकों की भीड़ जुट गई। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मौके पर सुरक्षा बढ़ा दी है और हमलावरों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।








