
देहरादून और आसपास अवैध प्लाटिंग व निर्माण के खिलाफ एमडीडीए ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दर्जनों बीघा भूमि पर बनी अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान कई अवैध फार्म हाउस और व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया गया।
- एमडीडीए की सख्ती: अवैध कॉलोनियों पर एक साथ कई इलाकों में कार्रवाई
- शिमला बाईपास से चकराता रोड तक अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर
- नियम विरुद्ध फार्म हाउस और व्यावसायिक निर्माण सील
- अवैध कॉलोनियों में निवेश न करने की एमडीडीए की अपील
देहरादून| देहरादून शहर और उसके आसपास अवैध प्लाटिंग व अनधिकृत निर्माण करने वालों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सख्त रुख अपनाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। शनिवार को प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर दर्जनों बीघा में की गई अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया, जबकि कई व्यावसायिक और आवासीय निर्माणों को सील किया गया।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट कहा कि शहर को अव्यवस्थित और गैरकानूनी तरीके से फैलने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन कर निर्माण या प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अवैध कॉलोनियों में निवेश कर अपने धन और भविष्य को जोखिम में न डालें। कार्रवाई की जानकारी देते हुए उपाध्यक्ष तिवारी ने बताया कि शिमला बाईपास रोड पर हिंदूवाला सभावाला क्षेत्र में मानवेंद्र पुंडीर की ओर से लगभग 40 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
Government Advertisement...
इसी तरह सेलाकुई क्षेत्र में हाईवे और आसान नदी के बीच गुलशेर की ओर से लगभग 10 बीघा भूमि पर की गई अवैध प्लाटिंग को भी तोड़ा गया। चकराता रोड स्थित शंकरपुर, सेलाकुई में डीसी बंसल द्वारा करीब 20 बीघा में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग तथा कल्याणपुर धर्मावाला चौक के पास राशिद की ओर से आठ बीघा भूमि में की गई अवैध प्लाटिंग को भी एमडीडीए की टीम ने ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा अवैध निर्माणों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए गए।
अद्दूवाला शिमला बाईपास रोड पर नरेंद्र चौहान द्वारा अवैध रूप से निर्मित फार्म हाउस और वहां बनाए गए आठ व्यावसायिक हट्स को सील कर दिया गया। धर्मावाला रोड, हरबर्टपुर में राकेश अग्रवाल द्वारा पेट्रोल पंप के निकट बनाए गए अवैध व्यावसायिक निर्माण, मुख्य चकराता रोड खुशहालपुर सहसपुर में सलमान के अवैध निर्माण, राजपुर रोड पर सरदार मोहम्मद असरफ खान के अवैध निर्माण और संस्कृति लोक कॉलोनी में साकिर द्वारा बनाए गए दो अवैध भवनों को भी सील किया गया।
चांचक चौक बंजारावाला क्षेत्र में मोहम्मद साजिश द्वारा टिन शेड लगाकर किए गए अस्थायी व्यावसायिक निर्माण को भी ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, सुरजीत सिंह रावत, निशांत कुकरेती, अवर अभियंता हर्षित मौठानी, जयदीप राणा, नेहा बर्थवाल सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। एमडीडीए ने दोहराया कि शहर की सुनियोजित विकास व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





