
चमोली में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला उद्योग मित्र समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें औद्योगिक विकास और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई। बैठक में औद्योगिक आस्थानों की सुविधाओं, सुरक्षा और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिलाधिकारी सभागार में जिला उद्योग मित्र समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जनपद में औद्योगिक विकास को गति देना तथा उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों के साथ औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और उद्यमियों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए उद्योगों का विकास अत्यंत आवश्यक है, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सहयोगी भूमिका निभाएगा।
Government Advertisement...
जिलाधिकारी ने जिला उद्योग महाप्रबंधक को मिनी औद्योगिक आस्थान जयकंडी कालेश्वर के चारों ओर क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल का निर्माण जिला योजना से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा और सुव्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसके साथ ही उन्होंने बिजली और पानी से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मिनी औद्योगिक आस्थान जयकंडी कालेश्वर में स्थित सहायक प्रबंधक कार्यालय एवं मीटिंग हॉल को दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
जिलाधिकारी ने उद्योग मित्र समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने तथा औद्योगिक क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने अग्निशमन अधिकारी को औद्योगिक आस्थान में स्थित सभी औद्योगिक इकाइयों का फायर ऑडिट कराने के निर्देश दिए, जिससे सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के दौरान उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इस अवसर पर मुख्य कोषाधिकारी मामूर जहाँ, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, जिला उद्योग महाप्रबंधक अंजलि रमन, एलडीएम डी.एस. गबर्याल, अग्निशमन अधिकारी जी.एस. बिष्ट सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





