
अंकिता हत्याकांड से जुड़े ऑडियो क्लिप और ब्लैकमेलिंग मामलों में सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने अदालत से गैर जमानती वारंट हासिल कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से जांच से बच रही थीं और नोटिस के बावजूद पेश नहीं हुईं।
- अदालत से एनबीडब्ल्यू मिलने के बाद पुलिस ने तेज की तलाश
- सुरेश राठौर के साथ सह आरोपी है उर्मिला सनावर
- नोटिस के बावजूद जांच में शामिल नहीं हुए आरोपी
- आपत्तिजनक फोटो वायरल कर ब्लैकमेलिंग का आरोप
हरिद्वार। अंकिता हत्याकांड से जुड़े चर्चित ऑडियो क्लिप और ब्लैकमेलिंग मामलों में सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर की कानूनी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। हरिद्वार पुलिस ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए अदालत से अभिनेत्री के खिलाफ गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) प्राप्त कर लिया है। रानीपुर कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई के बाद ज्वालापुर थाना पुलिस भी अपने स्तर से वारंट लेने की प्रक्रिया में जुट गई है।
गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने उर्मिला सनावर और निष्कासित पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की तलाश तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपी लंबे समय से जांच से बचते आ रहे हैं और बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद थाने में पेश नहीं हुए। ऐसे में उनकी गिरफ्तारी किसी भी समय की जा सकती है।
Government Advertisement...
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उर्मिला सनावर के खिलाफ दर्ज दो मुकदमे उस वायरल ऑडियो क्लिप से जुड़े हैं, जिसमें वह पूर्व विधायक सुरेश राठौर के साथ सह आरोपी हैं। इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 में सुरेश राठौर की पुत्री द्वारा रानीपुर कोतवाली में अभिनेत्री के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का एक अलग मामला भी दर्ज कराया गया था। इसी तरह के एक अन्य ब्लैकमेलिंग प्रकरण में भी उर्मिला सनावर पुलिस को वांछित बताई जा रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को जांच में शामिल होने के लिए कई बार नोटिस भेजे गए, लेकिन न तो वे पुलिस के समक्ष उपस्थित हुए और न ही जांच में सहयोग किया। मजबूरन पुलिस को अदालत का रुख करना पड़ा, जिसके बाद गैर जमानती वारंट जारी किए गए। अब पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
मामले के अनुसार, 24 मार्च 2025 को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी ने रानीपुर थाने में सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर और एक युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाया गया था कि आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने की साजिश रची गई। पीड़िता के अनुसार, होली के दिन एक परिचित युवक राघव का फोन आया, जिसके कुछ समय बाद एक अनजान नंबर से उसके मोबाइल पर आपत्तिजनक तस्वीरें भेजी गईं।
जब उस नंबर को ट्रू कॉलर पर जांचा गया तो उसमें राघव का नाम दिखाई दिया। आरोप है कि 21 मार्च को उर्मिला सनावर ने मैसेज कर बताया कि ये तस्वीरें उसे राघव से मिली हैं और इसके बाद तस्वीरों के बदले पैसे की मांग की गई। अगले दिन 22 मार्च को वही तस्वीरें पीड़िता की मां के मोबाइल पर भी भेजी गईं।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।





