
🌟🌟🌟
नगर पंचायत गढ़ीनेगी की निर्वाचन नामावलियों के विस्तृत पुनरीक्षण की प्रक्रिया 18 दिसंबर से शुरू होगी और अंतिम प्रकाशन 24 फरवरी को किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार घर–घर सर्वेक्षण से लेकर दावे–आपत्तियों के निस्तारण तक सभी चरणों को सख्ती से समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
- घर–घर सर्वेक्षण 23 दिसंबर से 6 जनवरी तक
- 07 से 13 फरवरी तक दावे–आपत्तियाँ दर्ज होंगी
- 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वालों को मिलेगा नाम जुड़वाने का अवसर
- निर्वाचन आयोग ने जारी की विस्तृत समय–सारणी
रुद्रपुर: जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचस्थानीय) नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि नगर पंचायत गढ़ीनेगी की निर्वाचन नामावलियों के विस्तृत पुनरीक्षण के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने विस्तृत समय-सारणी जारी कर दी है। यह पुनरीक्षण 18 दिसंबर से प्रारंभ होकर 24 फरवरी तक चलेगा। पुनरीक्षण प्रक्रिया के सभी चरणों में नियुक्ति, प्रशिक्षण, सर्वेक्षण, प्रारूप नामावली तैयार करना, दावे–आपत्तियाँ स्वीकार करना और अंतिम नामावली का प्रकाशन शामिल है।
Government Advertisement...
18 दिसंबर से 20 दिसंबर तक संगणकों, पर्यवेक्षकों और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी तथा उनके कार्यक्षेत्र निर्धारित किए जाएंगे। इसके बाद 21 से 22 दिसंबर तक इन सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित होगा। 23 दिसंबर से 06 जनवरी 2026 तक संगण द्वारा घर–घर जाकर गणना और सर्वेक्षण का कार्य किया जाएगा, जिसके आधार पर मतदाता सूचियों का अद्यतन किया जाएगा।
07 से 11 जनवरी तक प्रारूप नामावलियों की पांडुलिपि तैयार की जाएगी, जबकि 12 जनवरी से 05 फरवरी तक इन प्रारूप नामावलियों की डेटा एंट्री और फोटोस्टेट कार्य पूरा किया जाएगा। 06 फरवरी को निर्वाचन नामावलियों का आलेख्य प्रकाशित किया जाएगा, जिसके बाद 07 फरवरी से 13 फरवरी तक दावे और आपत्तियाँ दर्ज कराई जा सकेंगी। 14 से 18 फरवरी तक दर्ज दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि 19 से 23 फरवरी के बीच पूरक सूचियों की डाटा एंट्री और फोटोस्टेट कार्य पूरा किया जाएगा और 24 फरवरी को नगर पंचायत गढ़ीनेगी की निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन आम जनता के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण की संदर्भ तिथि 01 जनवरी 2026 है, इसलिए वे सभी व्यक्ति जो इस तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करेंगे, उनका नाम निर्वाचक नामावली में शामिल किया जाएगा। विस्तृत पुनरीक्षण के बाद तैयार की गई यही मतदाता सूचियाँ आगामी सामान्य या उप-निर्वाचन में उपयोग में लाई जाएंगी।





