
देहरादून। प्रदेश सरकार ने पूर्व सैनिकों के बच्चों को एनडीए (NDA) और सीडीएस (CDS) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़ी राहत दी है। अब उन्हें कोचिंग में 50% से अधिक छूट मिलेगी। यह निर्णय सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।
योजना का खाका
- कोचिंग का 50% शुल्क उपनल (उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम) वहन करेगा।
- 25% शुल्क में छूट कोचिंग संस्थानों से बातचीत कर दिलाई जाएगी।
- शेष 25% शुल्क परीक्षार्थियों को खुद देना होगा।
मंत्री ने कहा कि कई बच्चे सेना में अधिकारी बनना चाहते हैं, लेकिन कोचिंग की ऊंची फीस उनके सपनों में बाधा बनती है। इस योजना से उनकी राह आसान होगी।
जल्द लागू होगी योजना
गणेश जोशी ने उपनल के प्रबंध निदेशक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कई कोचिंग संस्थान इस योजना से जुड़ने को तैयार हैं। जल्द ही प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर योजना को लागू कर दिया जाएगा।
Government Advertisement...
सैन्यधाम पर भी हुई चर्चा
बैठक में मंत्री ने पूर्व सैन्य अधिकारियों से अनुरोध किया कि वे निर्माणाधीन सैन्यधाम का निरीक्षण कर अपने सुझाव दें। इस पर अधिकारियों ने मंगलवार को स्थल निरीक्षण करने की सहमति दी। बैठक में पूर्व आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एके सिंह, मेजर जनरल ओपी सभरवाल, मेजर जनरल सम्मी सभरवाल, मेजर जनरल एएस रावत, मेजर जनरल पीएस राणा, मेजर जनरल डी. अग्निहोत्री और उपनल के प्रबंध निदेशक बिग्रेडियर जेएनएस बिष्ट मौजूद रहे।







