
देहरादून | बीती रात तहसील थराली के अंतर्गत टुनरी गदेरे क्षेत्र में अचानक पानी बढ़ने के कारण तहसील परिसर, चेपड़ो बाजार, कोटदीप बाजार और आसपास के कुछ घरों में 1 से 2 फीट गहराई तक मलबा घुस गया। इसके चलते कई वाहन भी मलबे में दब गए। रा.उ.नि. थराली ने बताया कि ग्राम संगवाड़ा में एक मकान में मलबा आने से एक लड़की मलबे में दब गई थी, जिसे डीडीआरएफ थराली के जवानों ने रेस्क्यू किया। इसके अलावा, ग्राम चेपड़ो में एक व्यक्ति अतिवृष्टि के कारण लापता है, जिसकी खोजबीन स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी है।
जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों को तुरंत सक्रिय किया है। जिलाधिकारी संदीप तिवारी स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस बल और अन्य विभागों की टीमें राहत-बचाव में जुटी हैं। शनिवार को मौके पर जिला प्रशासन, तहसील प्रशासन, पुलिस विभाग, डीडीआरएफ के 07 जवान, एनडीआरएफ के 27 जवान, एसडीआरएफ के 12 जवान, एसएसबी ग्वालदम के 12 जवान, बीआरओ, स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागीय अधिकारियों को तैनात किया गया।
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से 04 चिकित्साधिकारी, 06 स्टाफ नर्स, 01 फार्मासिस्ट, 01 ड्राइवर मय एम्बुलेंस और जीवनरक्षक औषधियों के साथ एलर्ट मोड पर हैं। इसके अतिरिक्त, दो 108 एम्बुलेंस और 02 विशेषज्ञ चिकित्साधिकारी की टीम एसडीएच कर्णप्रयाग में तैनात की गई है। पीएचसी देवाल से अतिरिक्त 02 चिकित्साधिकारी भी राहत कार्यों में लगे हैं। सुरक्षित स्थानों पर लोगों की आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज और शहीद भवानीदत्त इंटर कॉलेज, चेपड़ो में रिलीफ सेंटर बनाए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि रिलीफ सेंटर तक लोगों को लाने के लिए वाहनों की व्यवस्था भी की गई है।
Government Advertisement...
आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जेसीबी मशीन, रस्सी, वुड कटर, स्ट्रेचर और अन्य आवश्यक वस्तुएं भेज दी गई हैं। भारी बारिश के कारण थराली, देवाल और नारायणबगड़ विकासखंड के सभी विद्यालयों में आज अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से तुरंत संपर्क करें। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि राहत एवं बचाव कार्य निरंतर जारी रहेंगे और सभी आवश्यक संसाधन प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी आपदा पीड़ित को तुरंत सहायता मिल सके।





