देहरादून | राजकीय प्राथमिक विद्यालय टी-स्टेट, बंजारावाला में सोमवार दोपहर कुछ छात्रों को स्कूल के बाहर बने गड्ढों को भरने के लिए सड़क से बजरी लेकर स्कूल में ले जाते हुए देखा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में करीब आठ बच्चे सिर पर तसले उठाकर बजरी ले जाते हुए दिख रहे हैं। बच्चों ने यह काम अपने आप किया क्योंकि वर्षों से स्कूल में बने गड्ढे नहीं भरे गए थे।
इस घटना के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापिका अंजू मेनादुली को निलंबित कर दिया। उन पर निःशुल्क शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की धारा-13 का उल्लंघन करने का आरोप है। जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) प्रेमलाल भारती ने निलंबन आदेश जारी किए। मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर प्रेमलता गौड़ को सौंपी गई है।
शिक्षा सचिव रविनाथ रमन और अन्य अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई और जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विद्यालय में करीब 200 छात्र हैं। घटना के समय दो शिक्षक छुट्टी पर थे। बच्चों ने पास ही काम कर रहे मजदूरों से फावड़ा और तसले लेकर गड्ढा भरने का काम किया। प्रधानाध्यापिका अंजू मेनादुली ने बताया कि जैसे ही उन्हें पता चला कि बच्चे बजरी लेकर स्कूल आ रहे हैं, उन्होंने उन्हें वापस बुलाया।
Government Advertisement...
इससे पहले भी कुछ दिन पहले चमोली जिले के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जूनीधार में छात्रों द्वारा शिक्षक की कार धोने का वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में सहायक अध्यापक घनश्याम तिवाड़ी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया था।







