
MDDA ने मसूरी Eco Park का प्रस्ताव किया तैयार, पार्क क्षेत्र में प्रस्तावित कैफे का निर्माण काष्ठ डिजाइन का नायाब उदाहरण बनेगा। यह कैफे पूरी तरह ईको-फ्रेंडली होगा। इसके प्रत्येक भाग में लकड़ी व अन्य पर्यावरण अनुकूल वस्तुओं का प्रयोग किया जाएगा।
[/box]देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने मसूरी में ईको पार्क का प्रस्ताव तैयार कर दिया है। यह पार्क हरे-भरे वन क्षेत्र वाले मसूरी-चंबा रोड पर हुसैन गंज में विकसित किया जाएगा। मसूरी के लाइब्रेरी चौक से इस क्षेत्र की दूरी महज 2.1 किलोमीटर है। पार्क की सबसे खास बात यह रहेगी कि यहां जो भी निर्माण किए जाएंगे, वह पर्यावरण संरक्षण के अनुकूल होंगे और यहां के प्राकृतिक स्वरूप के साथ छेड़छाड़ नहीं की जाएगी।
कुल मिलाकर ईको पार्क यहां की प्राकृतिक छटा में चार चांद लगाने का काम ही करेगा। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के मुताबिक, ईको पार्क के निर्माण में स्थल में पारिस्थितिक तंत्र को सुधारने का काम किया जाएगा। साथ ही पर्यटकों को पारिस्थितिक तंत्र के प्रति अभूतपूर्व अनुभव कराया जाएगा और इसी तरह की विभिन्न गतिविधियों का संचालन पार्क में कराया जाएगा।
ईको पार्क का प्रस्ताव व साइट प्लान तैयार किए जाने बाद अब शीघ्र निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाने को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। प्राकृतिक स्वरूप सुंदर बनाने के साथ-साथ मनोरंजन के इंतजाम ईको पार्क में पहाड़ियों, वन क्षेत्र व तालाब को नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही पारिस्थितिक तंत्र के प्रति पर्यटकों के ज्ञान में वृद्धि के लिए सूचना केंद्र, पवेलियन और जैवविविधता से परिपूर्ण बागीचे का विकास किया जाएगा।
इसके अलावा यहां पर ट्रेक विकसित किए जाएंगे और कैफे के साथ ही किड्स जोन और एडवेंचर पार्क का भी निर्माण किया जाएगा। एमडीडीए उपाध्यक्ष के मुताबिक, ईको पार्क में ट्रेक, दीवार, मार्ग आदि के लिए वन क्षेत्र व आसपास मौजूद संसाधनों का ही प्रयोग किया जाएगा। इसके साथ ही यहां पत्थर की बेंच मिलेगी और पेड़ों के लठ्ठों से बैठने के साधन तैयार किए जाएंगे। स्काई वाक से आनंद होगा दोगुना ईको पार्क में पवेलियन सेगमेंट में पर्यटकों को स्काई वाक का अनुभव देने के लिए पिलर के ऊपर मार्ग का निर्माण किया जाएगा।
पार्क क्षेत्र में प्रस्तावित कैफे का निर्माण काष्ठ डिजाइन का नायाब उदाहरण बनेगा। यह कैफे पूरी तरह ईको-फ्रेंडली होगा। इसके प्रत्येक भाग में लकड़ी व अन्य पर्यावरण अनुकूल वस्तुओं का प्रयोग किया जाएगा। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के मुताबिक, ईको पार्क क्षेत्र में ट्री-हाउस का भी निर्माण किया जाएगा। इसके लिए वन क्षेत्र में किसी उपयुक्त वृक्ष को नुकसान पहुंचाए बिना उसके इर्द-गिर्द लकड़ी के ढांचों से छोटे घर का निर्माण किया जाएगा। ट्री-हाउस पर्यटकों को खास अनुभव कराएगा।
👉 देवभूमि समाचार में इंटरनेट के माध्यम से पत्रकार और लेखकों की लेखनी को समाचार के रूप में जनता के सामने प्रकाशित एवं प्रसारित किया जा रहा है। अपने शब्दों में देवभूमि समाचार से संबंधित अपनी टिप्पणी दें एवं 1, 2, 3, 4, 5 स्टार से रैंकिंग करें।